हत्या के आरोपी को पानसेमल पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल; पिपलोद क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी, पुलिस की तत्पर कार्रवाई…
बड़वानी || 06 अगस्त 2025 || {समीर शेख}-: पानसेमल थाना क्षेत्र के ग्राम शिवनीपडावा में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक की पहचान नानूराम पिता अलसिंह बर्डे के रूप में हुई, जो 5 अगस्त को अपने गांव में मृत अवस्था में पाया गया था। उसके सिर, नाक और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
मामले की रिपोर्ट मृतक के परिजन शांतिलाल पिता झोपाला गिरासे द्वारा पानसेमल थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गिलदार पिता अलसिंह बर्डे (उम्र 45 वर्ष), निवासी शिवनीपडावा के खिलाफ अपराध क्रमांक 200/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर तथा एसडीओपी राजपुर श्री आयुष अलावा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पिपलोद क्षेत्र से गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में पानसेमल थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, सउनि सखावत अली, प्रधान आरक्षक अजय चौहान (क्रमांक 170) और आरक्षक खुमसिंह धार्वे (क्रमांक 334) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
