सेंधवा शहर थाने पर महिलाओं का धरना; पुलिस पर कार्यवाही न करने का आरोप..
बड़वानी/सेंधवा || दि. 10 सप्टेंबर 2025 || {क्राईम ब्युरो}-: सेंधवा शहर के जोगवाड़ा रोड क्षेत्र से शुक्रवार दोपहर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सेंधवा शहर थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 8 सितंबर को मोहल्ले में युवती से छेड़छाड़ की घटना हुई थी। इसके बाद कुछ युवक मोटरसाइकिल पर आए और गाली-गलौज करने लगे, साथ ही घर जलाने की धमकी भी दी।
आक्रोशित महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और सिर्फ आवेदन देने की बात कही।
इस दौरान सेंधवा शहर टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने कहा कि संबंधित दिन क्षेत्र में छेड़छाड़ की घटना हुई थी और दोनों ही मामलों की जांच की जाएगी। उन्होंने महिलाओं की शिकायत न सुने जाने के आरोपों को निराधार बताया। टीआई बिसेन ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शिकायतें सुनी हैं और आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
टीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
