सैनिक कल्याण बोर्ड का लक्ष्य पूरा करने पर बड़वानी कलेक्टर सम्मानित..
महामहिम राज्यपाल ने जिला प्रशासन को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान की
बड़वानी || 17 नवम्बर 2025 || (समीर शेख):- जिला सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित राशि के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा करने पर बड़वानी जिला प्रशासन को महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए महामहिम राज्यपाल द्वारा जिला कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड से सम्मानित किया गया।
सोमवार को सैनिक कल्याण बोर्ड अधिकारी श्री एम. नासीर ने राज्यपाल द्वारा प्रदत्त यह शील्ड कलेक्टर जयति सिंह को औपचारिक रूप से सौंपा। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के समर्पण, कार्यकुशलता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।
सम्मान प्राप्त करने पर कलेक्टर जयति सिंह ने सैनिक कल्याण बोर्ड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह राशि उन वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के कल्याण के लिए उपयोग की जाएगी, जिन्होंने देश की सेवा के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर किया है।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी सैनिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं एवं सहायता कार्यों को प्राथमिकता के साथ लागू करता रहेगा।
