पानसेमल मंडी में नीलामी में बाधा व चक्काजाम करवाने वाले दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, न्यायालय ने भेजा जेल….
पानसेमल/सेंधवा || 21 नवंबर 2025 || (समीर शेख)-: पानसेमल–खेतिया स्टेट हाइवे पर 20 नवंबर 2025 को पानसेमल कृषि उपज मंडी में नीलामी प्रक्रिया को बाधित करने का विवाद बड़ा रूप ले लिया। मंडी में नीलामी के दौरान कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा व्यवधान डालने और हाईवे पर चक्काजाम की कोशिश की सूचना मिलते ही पानसेमल पुलिस तत्काल सक्रिय हुई।

प्राप्त शिकायत पर पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री जगदीश डावर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर और एसडीओपी श्री आयुष कुमार अलावा के मार्गदर्शन में त्वरित जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि नरेन्द्र धार्वे और शेखर जाधव के नेतृत्व में करीब 10–15 व्यक्तियों ने नीलामी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा करने की योजना बनाई थी। इसी दौरान स्टेट हाइवे पर यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हुआ।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई में मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
नरेन्द्र धार्वे, पिता छतरसिंह धार्वे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम मनकुई, शेखर, पिता दिनेश जाधव, उम्र 28 वर्ष, निवासी टाकली
दोनों को आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या मंडी व्यापार व परिवहन व्यवस्था में व्यवधान डालने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे कृत्यों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
