पानसेमल क्षेत्र में भाजपा परिवार का ऐतिहासिक विस्तार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व चार बार के सरपंच उदय सिंह चौहान ने थामा भाजपा का दामन..
बडवानी/पानसेमल || दि.16 जनवरी2026 || (समीर शेख) -: पानसेमल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सकराली बुजुर्ग में आज एक ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री श्याम जी बरडे के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ व कद्दावर नेता, चार बार के सरपंच श्री उदय सिंह चौहान ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
यह महत्वपूर्ण राजनीतिक परिवर्तन उस समय हुआ जब विधायक श्री श्याम जी बरडे ग्राम पंचायत सकराली बुजुर्ग में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सरपंच श्री उदय सिंह चौहान द्वारा टेंट-पांडाल लगाकर विधायक का भव्य स्वागत किया गया, जो इस बड़े राजनीतिक बदलाव का स्पष्ट संकेत बना।
चार बार कांग्रेस से सरपंच रह चुके श्री उदय सिंह चौहान ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय विधायक श्री श्याम जी बरडे की कार्यकुशलता, सहज-सरल व्यक्तित्व तथा क्षेत्र में कराए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों से प्रभावित होकर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में जमीनी स्तर पर वास्तविक विकास दिखाई दे रहा है।
इस अवसर पर विधायक श्री श्याम जी बरडे ने सरपंच श्री उदय सिंह चौहान एवं सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को भाजपा का गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। अपने उद्बोधन में विधायक जी ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर भाजपा कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाड़ले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। विधायक जी ने आश्वस्त किया कि भाजपा परिवार का हर कार्यकर्ता अब उनका अपना है और ग्राम पंचायत सकराली बुजुर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
सरपंच श्री उदय सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक श्री श्याम जी बरडे द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे अभूतपूर्व विकास कार्य, अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की भावना और उनका पारिवारिक व्यवहार ही उनके भाजपा में सम्मिलित होने का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में क्षेत्र की उपेक्षा हुई, जबकि भाजपा शासन में विकास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम के उपरांत सरपंच श्री उदय सिंह चौहान द्वारा अपने निजी निवास पर सभी अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों के लिए दाल-बाटी एवं लड्डू भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
जिला महामंत्री श्री उज्जैन सिंह राजपूत, जिला महामंत्री श्री सचिन चौहान, जिला उपाध्यक्ष श्री राम जी सोनवने, मंडल अध्यक्ष श्री चेन सिंह गदरे, मंडल अध्यक्ष श्री चंद्रकांत महाजन, प्रकाश जोशी, पाबुदान चौहान, दयाराम पवार, अतुल निकुम, सरपंच श्री अमर सिंह बरडे, श्री श्यामराव वसावे, श्री मुकेश सत्या, श्री दिनेश जाधव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
