बड़वानी मासूम के साथ दरिंदगी के बाद हत्या, पुलिस ने सौतेले काका (बाल अपचारी) को लिया हिरासत में..
राजपुर (बड़वानी) || दि. 28 जनवरी 2026 || {समीर शेख} -: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 07 वर्षीय मासूम बालिका के साथ लैंगिक अपराध (दुष्कर्म) के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्यवाही की और मृतिका के ही रिश्तेदार (सौतेले काका), जो कि एक बाल अपचारी है, को अभिरक्षा में लिया है।
नहर में मिला था मासूम का शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब 26 जनवरी 2026 को ग्राम मुंडला स्थित इंदिरा सागर नहर में एक बालिका का शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए, जिसमें बालिका के गुप्तांगों पर चोट के निशान और पानी में डूबने व दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई।
अपराध का तरीका: रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात
विवेचना के दौरान पुलिस ने जब परिजनों और संदेहियों से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो मृतिका के काका पर शक गहराया। हिरासत में लिए जाने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
वारदात की रात: 25 जनवरी की रात करीब 8 बजे जब घर के पुरुष सदस्य खेत पर थे और अन्य सदस्य सो रहे थे, तब आरोपी ने सोती हुई मासूम को अगवा किया।
हैवानियत: आरोपी बच्ची को घर के पीछे नहर के पास ले गया और उसके साथ गलत काम किया। हत्या: जब बच्ची दर्द से चिल्लाने लगी, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उसे जीवित ही नहर के ठंडे पानी में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही और धाराएं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को दबोचा। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट की इन धाराओं में मामला दर्ज किया है:
BNS: धारा 103(1) (हत्या), 64(2)(i) (बलात्कार), 137(2) (अपहरण), 238(B), 65(2)।
POCSO Act: धारा 3/4(2), 5(i), 5(m) एवं 6।
सराहनीय भूमिका इस अंधे कत्ल और जघन्य अपराध का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी राजपुर निरीक्षक विक्रमसिंह बामनिया, उप निरीक्षक कविता कनेश, सायबर टीम के रितेश खत्री और उनकी पूरी टीम की मुख्य भूमिका रही। आरोपी को अब किशोर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
