निवाली तहसील के ग्राम पीपलधार में जेसीबी और ट्रैक्टरों से बेखौफ खनन, राजस्व को नुकसान…

निवाली तहसील के ग्राम पीपलधार में जेसीबी और ट्रैक्टरों से बेखौफ खनन, राजस्व को नुकसान…

निवाली/पानसेमल || दि. 25 फरवरी 2026 || (समीर शेख)-: बड़वानी पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का मामला गरमाया निवाली तहसील के ग्राम पीपलधार में जेसीबी और ट्रैक्टरों से बेखौफ खनन, राजस्व को नुकसान।

बड़वानी जिले के बड़वानी अंतर्गत पानसेमल विधानसभा क्षेत्र की निवाली तहसील के ग्राम पीपलधार में अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। यहां जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों के माध्यम से लगातार मिट्टी का उत्खनन किया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह खनन बिना किसी वैध अनुमति के खुलेआम किया जा रहा है, जिससे शासन के राजस्व को सीधा नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सरकारी और निजी दोनों प्रकार की जमीनों पर धड़ल्ले से खनन जारी है। बड़े-बड़े पहाड़ों को काटा जा रहा है और नदी-नालों से रेत व मिट्टी निकाली जा रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

इस संबंध में जब हमारे संवाददाता ने निवाली तहसीलदार कार्तिक मौर्य से दूरभाष पर चर्चा की, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील कार्यालय द्वारा किसी भी व्यक्ति को मिट्टी खनन की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और जल्द ही जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, सवाल यह उठता है कि जब बिना अनुमति के खनन हो रहा है तो प्रशासन की निगरानी व्यवस्था कहां है? ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। पर्यावरण और राजस्व की दृष्टि से यह गंभीर विषय है, जिस पर कठोर कदम उठाना आवश्यक है।

अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई कर पाता है और दोषियों पर कब लगाम लगती।

Call Us