कस्तूरी तोल काटे पर वजन में हेराफेरी का आरोप, किसान ने मंडी में की शिकायत..

कस्तूरी तोल काटे पर वजन में हेराफेरी का आरोप, किसान ने मंडी में की शिकायत….

करीब 60–65 किलो कम तौल का मामला, पंचनामा बनाकर जांच शुरू..

बड़वानी/सेंधवा || दि. 27 फरवरी 2026 || (समीर शेख)-: बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र में स्थित सेंधवा में एक बार फिर तोल काटे पर वजन में हेराफेरी का मामला सामने आया है। ग्राम झापड़ीपाडला निवासी किसान रमला पिता फूलसिंग ने आरोप लगाया है कि गेहूं बेचते समय उसके साथ लगभग 60 से 65 किलो तक वजन में गड़बड़ी की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान रमला गुरुवार को अपना गेहूं बेचने के लिए शिव इंडस्ट्रीज के निलेश पिता अमरचंद के पास 2385 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से उपज लेकर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने पुराने एबी रोड स्थित कस्तूरी तोल काटा पर अपनी खाली ट्राली का वजन करवाया था।

किसान के मुताबिक, भरे हुए वाहन का वजन 4560 किलो दर्ज किया गया, जबकि खाली पिकअप वाहन का वजन 2240 किलो आया। इस आधार पर उपज का कुल वजन 2320 किलो होना चाहिए था।

लेकिन वजन को लेकर शंका होने पर किसान ने अन्य तोल काटे पर दोबारा वाहन का वजन करवाया, जहां कुल वजन 2175 किलो निकला। इस प्रकार लगभग 65 किलो का अंतर सामने आया, जिससे कथित हेराफेरी का मामला उजागर हुआ।

मंडी प्रशासन ने बनाई पंचनामा रिपोर्ट
किसान ने इस संबंध में सेंधवा कृषि उपज मंडी में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद मंडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कस्तूरी तोल काटे के खिलाफ पंचनामा बनाकर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
जिले में बढ़ते मामलों से उठे सवाल गौरतलब है कि पूरे बड़वानी जिले से इस तरह के वजन में गड़बड़ी के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। किसानों का कहना है कि अगर तोल प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं होगी तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

अब बड़ा सवाल यह है कि वजन में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ सख्त और ठोस कार्रवाई कब होगी, ताकि किसानों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

Call Us