धावड़ी के ऐतिहासिक भगोरिया मेले में विधायक मोंटू सोलंकी की सहभागिता, ढोल की थाप पर झूमे जनप्रतिनिधि…
सेंधवा/बड़वानी || दि.02 मार्च 2026 || (समीर शेख)-: धावड़ी में आयोजित ऐतिहासिक भगोरिया मेले में मोंटू सोलंकी ने सहभागिता कर क्षेत्रवासियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण जनों से आत्मीय भेंट की और सभी को भगोरिया हाट एवं होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
विधायक श्री सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा कि “लोक संस्कृति के रंग, भगोरिया के संग” केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध आदिवासी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगोरिया मेला आपसी भाईचारे, उत्साह और सामाजिक समरसता का संदेश देता है तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

मेले में पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-मांदल की थाप और युवाओं के जोश ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। विधायक श्री सोलंकी ने स्वयं ढोल बजाकर और ढोल की थाप पर थिरकते हुए उत्सव में सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे उपस्थित जनसमूह में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि श्री बूटासिंग जाधव, पटेल भायसिंग पटेल, रामसिंग डुडवे, प्रतापसिंग डुडवे, चंपालाल डावर एवं हिरमल डुडवे ने ग्रामीण जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित बनाने में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।
ऐतिहासिक भगोरिया मेले में उमड़े जनसैलाब ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि आदिवासी अंचल की सांस्कृतिक परंपराएं आज भी जीवंत हैं और सामाजिक एकता की मजबूत आधारशिला बनी हुई हैं।
