बड़वानी में स्कूल बसों से डीजल चोरी का खुलासा: 120 लीटर डीजल के साथ युवक गिरफ्तार..
बड़वानी || दि.11 मार्च 2026 ||(समीर शेख)-: जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच बड़वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्कूल बसों से डीजल चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1,06,310 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी श्याम पिता सुनील पारगी (18 वर्ष), निवासी सैगांव थाना बड़वानी है। आरोपी के पास से 03 ड्रम में लगभग 120 लीटर डीजल (कीमत करीब 11,160 रुपये), घटना में प्रयुक्त नीले रंग की जुपिटर एक्टिवा स्कूटी (कीमत लगभग 95,000 रुपये) और एक प्लास्टिक पाइप (कीमत 150 रुपये) बरामद किया गया है।
बसों से 150 लीटर डीजल हुआ था चोरी
जानकारी के अनुसार फरियादी गोविंद भायल निवासी अंजड ने थाना बड़वानी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी 2026 को उनके विद्यालय के सामने रोज की तरह तीन स्कूल बसें (MP46P0598, MP46P0544, MP46P0597) खड़ी थीं।
अगली सुबह बसों के संचालन के दौरान जांच करने पर तीनों बसों के टैंक से करीब 150 लीटर डीजल कम पाया गया।
अनुमान लगाया गया कि 27 फरवरी शाम 4 बजे से 28 फरवरी दोपहर 1 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने बसों से डीजल चोरी कर लिया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में टीम लगातार जांच कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक कसरावद बायपास क्षेत्र में सस्ते दामों पर डीजल बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मयूर ढाबा के पास बायपास पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी श्याम पारगी ने स्कूल बसों से डीजल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर सजवानी रोड स्थित योगी ढाबे के पास खेत से तीन ड्रम में रखा करीब 120 लीटर डीजल, स्कूटी और पाइप बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, उपनिरीक्षक रविन कन्नौज, सहायक उपनिरीक्षक दीपक ठाकुर, प्रधान आरक्षक संदेश (407), प्रधान आरक्षक देवीसिंह मंडलोई (204), प्रधान आरक्षक दीपक डोडियार (29), आरक्षक नितेश जमरे और आरक्षक यादवेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बड़वानी पुलिस लगातार सक्रिय है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
