स्वदेशी अपनाओ अभियान के तहत नपा उपाध्यक्ष व भाजपा पदाधिकारियों ने खरीदे मिट्टी के दीप व झाड़ू..
लोकल फॉर वोकल के संदेश के साथ दीपावली पर आत्मनिर्भर भारत का संकल्प…
सेंधवा/बडवानी || दि.18 ऑक्टोबर 2025 || (समीर शेख)-: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प और “लोकल फॉर वोकल” के संदेश को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल एवं पार्षद प्रकाश निकुम ने दीपावली पर्व के अवसर पर बाजार से स्थानीय हस्तशिल्पियों और कुम्हारों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीप, रंगोली सामग्री और झाड़ू की खरीदारी की।
इस दौरान उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि, “देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमें स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा। जितना अधिक हम देशी वस्तुओं का उपयोग करेंगे, उतना ही उत्पादन बढ़ेगा और विदेशी वस्तुओं का प्रभाव कम होगा। इससे देश का पैसा देश में ही रहेगा और आर्थिक मजबूती आएगी।”

भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि, “हमें विदेशी वस्तुओं का मोह छोड़कर स्वदेशी उत्पादों को महत्व देना चाहिए। जब हम ‘मेड इन इंडिया’ वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे, तो हमारे लघु उद्योग, फुटकर व्यापारी और कारीगर मजबूत होंगे, जिससे देश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।”
पार्षद प्रकाश निकुम ने भी सभी नागरिकों से अपील की कि इस दीपावली पर देशी उत्पादों को अपनाएं और स्थानीय कारीगरों का समर्थन करें, जिससे “आत्मनिर्भर भारत” का सपना साकार हो सके।
