तूफानी बारिश से फटाखा व्यापारियों को नुकसान, नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने पहुंचकर दी सांत्वना..

तूफानी बारिश से फटाखा व्यापारियों को नुकसान, नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने पहुंचकर दी सांत्वना..

सेंधवा/बडवानी ||दि.,18 ऑक्टोबर 2025 || (समीर शेख)-: शुक्रवार शाम आई तेज हवा और तूफानी वर्षा ने दशहरा मैदान पर लगे फटाखा व्यापारियों को भारी नुकसान पहुंचाया। अचानक आए इस तूफान में अस्थाई टीन शेड और टेंट के पंडाल उड़ गए, वहीं तेज बारिश के कारण फटाखे गीले हो गए, जिससे व्यापारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। दीपावली पर्व को देखते हुए मैदान पर अस्थाई फटाखा बाजार लगाया गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा साझा की और सांत्वना देते हुए कहा कि यह एक प्राकृतिक आपदा है, जिसमें किसी का कोई दोष नहीं। उन्होंने कहा— “अच्छा हुआ कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। व्यापार में नफा-नुकसान चलता रहता है, हिम्मत बनाए रखें। भगवान के साथ-साथ मैं और पूरा नगर आपके साथ है।”

नपा अध्यक्ष यादव ने मौके पर उपस्थित सीएमओ मधु चौधरी को निर्देश दिए कि दशहरा मैदान में फायर ब्रिगेड की 24 घंटे व्यवस्था रखी जाए और सफाई की निरंतर देखरेख की जाए। साथ ही व्यापारियों की किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पूर्व नपा अध्यक्ष अरुण चौधरी, सीएमओ मधु चौधरी सहित नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।

ज्ञात रहे कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार वर्षा के चलते पूरे नगर में कई स्थानों पर नुकसान हुआ। टीन शेड के पटरे उड़ गए, बिजली के खंभे और पेड़ गिर गए, जिससे करीब 5 से 6 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। वहीं दशहरा मैदान पर मक्का और कपास सुखाने वाले व्यापारियों को भी भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।

Call Us