पुलिस की बड़ी सफलता बिजासन माता मंदिर की दान राशि चोरी करने वाले तीन आरोपी 700 KM दूर से गिरफ्तार…

700 किलोमीटर दूर से दबोचे गए चोर
बिजासन माता मंदिर की दान राशि चोरी करने वाले महाराष्ट्र के तीन आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
बड़वानी।


सेंधवा/बडवानी || दि. 09 जानेवारी 2026 || {समीर शेख} -: मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र सीमा पर स्थित प्रसिद्ध बड़ी बिजासन माता मंदिर के पार्किंग स्थल में हुई दान राशि चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बिजासन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज दो दिनों के भीतर महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के सोनद थाना क्षेत्र से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी दान राशि भी बरामद कर ली है।


बताया जा रहा है कि यह चोरी की घटना मंगलवार को उस समय हुई थी, जब मंदिर की दान पेटियों से एकत्र की गई राशि को बैंक में जमा करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पार्किंग में खड़े पिकअप वाहन से तीन आरोपियों ने पैसों से भरा बैग चुरा लिया और मौके से फरार हो गए।


घटना की जानकारी मिलते ही बिजासन पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क पुलिसिंग के चलते पुलिस ने लगभग 700 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र से आरोपियों को धर दबोचा।


पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त वेगनआर कार को भी जप्त कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। बिजासन पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और कार्यशैली की सराहना की जा रही है।

Call Us