भिलट देव धाम में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, हजारों लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ. सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के जन्मदिवस पर सेवा संस्थान की पहल, राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने की सराहना
बड़वानी || दि. 16 फरवरी 2026 || {समीर शेख}-: सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भिलट देव धाम, ग्राम नागलवाड़ी (जिला बड़वानी) में सुशीलादेवी उमरावसिंह पटेल सेवा संस्थान द्वारा विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जरूरतमंदों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगूभाई पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माता-पिता के संस्कारों से प्रेरित होकर सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने सेवा का जो संकल्प लिया है, वह अत्यंत प्रेरणादायी और अनुकरणीय है। उन्होंने स्वर्गीय सुशीला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में संचालित यह सेवा संस्थान निरंतर पीड़ित मानवता की सेवा कर रहा है।
राज्यपाल ने बताया कि संस्था पिछले चार वर्षों से टी.बी. रोगियों को पोषण आहार, सिकल सेल एनीमिया जांच, जागरूकता अभियान तथा विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है, जिससे वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है।इस अवसर पर सांसद अभियान “हर ग्राम–एक काम (ग्रामहिते राष्ट्रहितम्)” का शुभारंभ भी राज्यपाल के करकमलों द्वारा किया गया। लोकसभा-स्तरीय इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पंचायत में केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं के माध्यम से कम से कम एक जनकल्याणकारी कार्य पूर्ण करना है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

अभियान के अंतर्गत सांसद प्रत्येक पंचायत में प्रवास कर युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को विकास कार्यों में परिवर्तित करेंगे तथा स्वरोजगार एवं स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करेंगे।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य, सांसद रतलाम-झाबुआ अनिता नागरसिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हृदय रोग, कैंसर, स्त्री रोग, स्तन कैंसर, नाक-कान-गला, हड्डी रोग, शिशु रोग, मूत्र रोग, नेत्र रोग एवं जनरल मेडिसिन संबंधी परामर्श दिया गया। उपलब्ध जांच सुविधाओं में ईको, ईसीजी, शुगर (RBS), हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, मोतियाबिंद जांच, सर्वाइकल कैंसर जांच, कोलपोस्कोपी, पैप स्मीयर एवं मैमोग्राफी जैसी सेवाएं शामिल रहीं।
महामहिम राज्यपाल ने सिकल सेल मरीजों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए तथा टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र योजना के तहत टी.बी. मरीजों को पोषण आहार प्रदान किया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं खरगोन-बड़वानी संसदीय क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
