बड़वानी कोतवाली पुलिस का रात्रि जनसंवाद: नवलपूरा व सावरिया धाम कॉलोनी में सुरक्षा को लेकर दिए अहम निर्देश..

बड़वानी कोतवाली पुलिस का रात्रि जनसंवाद: नवलपूरा व सावरिया धाम कॉलोनी में सुरक्षा को लेकर दिए अहम निर्देश..

बड़वानी || दि.18 फरवरी 2026 || (समीर शेख)-: शहर में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बड़वानी कोतवाली पुलिस द्वारा रात्रिकालीन जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह जनसंवाद नवलपूरा एवं सावरिया धाम कॉलोनी में आयोजित किया गया, जिसमें कॉलोनी रहवासियों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाना, सामुदायिक सतर्कता विकसित करना तथा पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित रहवासियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्क और जागरूक रहने का आह्वान किया।

रहवासियों को दिए गए प्रमुख निर्देश:
सभी अपने-अपने घरों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। कॉलोनी स्तर पर सामूहिक रूप से रात्रि चौकीदार की व्यवस्था की जाए। कॉलोनी का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिसमें संबंधित बीट के पुलिसकर्मियों को भी जोड़ा जाए।

सूने मकानों में नकदी अथवा आभूषण न छोड़े जाएं।
किरायेदारों, घरेलू सहायकों एवं नौकरों की जानकारी अनिवार्य रूप से थाने में दर्ज कराई जाए। कॉलोनी में यदि कोई निर्माण कार्य चल रहा हो तो मजदूरों की जानकारी मकान मालिक या ठेकेदार के माध्यम से थाने में दी जाए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना मजबूत हुई है, जिससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में सहायता मिलने की उम्मीद है।

Call Us