निवाली भोगरिया हाट में सुरक्षा और शराबबंदी की मांग, आदिवासी समाज ने सौंपा ज्ञापन…

निवाली भोगरिया हाट में सुरक्षा और शराबबंदी की मांग को लेकर आदिवासी समाज का ज्ञापन…
झूलों की सुरक्षा पर जयस नेता दीपक निगावल ने उठाए गंभीर सवाल

निवाली/बड़वानी || 28 फरवरी 2026 || (समीर शेख)-: क्षेत्र के पारंपरिक एवं सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक भोगरिया हाट को सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से आयोजित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के नाम निवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाट-बाजारों में फैल रही अव्यवस्थाओं, अवैध शराब बिक्री, असुरक्षित झूलों और अपर्याप्त सुरक्षा इंतजामों पर गहरी चिंता जताई गई।

झूलों की सुरक्षा पर प्रशासन से जवाब मांगा..

ज्ञापन सौंपने के दौरान जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) के युवा नेता दीपक निगावल ने मेलों में लगाए जाने वाले झूलों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में लगने वाले कई झूले बेहद खराब गुणवत्ता के होते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट पूछा कि यदि कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा की गारंटी नहीं है तो ऐसे असुरक्षित झूलों को हाट-बाजारों में अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें..

  1. शराबबंदी और अवैध गतिविधियों पर रोक:
    प्रतिनिधियों ने बताया कि बड़वानी जिला पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आता है। ऐसे में भोगरिया के दिन निवाली, कुसम्या, खामपानी और मैलादे में शराब की दुकानों को पूर्णतः बंद रखा जाए तथा सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।
  2. खाद्य सामग्री की सख्त जांच:
    हाट में बिकने वाले घटिया तेल में बने खाद्य पदार्थों, बासी जलेबी और मिलावटी सामग्री की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
  3. तोल-मोल में धांधली पर कार्रवाई:
    सामान तौलते समय चुंबक का प्रयोग कर उपभोक्ताओं को ठगने की शिकायतों पर कांटों की नियमित जांच करने और दोषी दुकानदारों पर कार्रवाई की मांग की गई।
  4. सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था:
    महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए हाट क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई।
  5. पेयजल की व्यवस्था:
    भीषण गर्मी को देखते हुए हाट में आने वाले ग्रामीणों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की भी अपील की गई।

समाजजनों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर गजानन ब्राह्मणे, लक्ष्मण सेनानी, दीपक निगावल, धर्मवीर ब्राह्मणे, मुकेश आर्य, दिनेश सोलंकी, संदीप जाधव, सुवालाल खरते, अखलेश ब्राह्मणे, अमित खरते, रितेश खरते, अभिषेक दुडवे सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि भोगरिया जैसे पारंपरिक पर्व की गरिमा बनाए रखने के लिए सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि ग्रामीणजन निश्चिंत होकर इस सांस्कृतिक उत्सव में भाग ले सकें।

Call Us