18.80 लाख रुपये मूल्य का पीडीएस गेहूं-चावल जब्त, अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई..

18.80 लाख रुपये मूल्य का पीडीएस गेहूं-चावल जब्त, अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई

बड़वानी (खेतिया) || दि.03 ऑगस्ट 2025 || {समीर शेख}-: बड़वानी जिले में राशन माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पानसेमल क्षेत्र में स्थित दो जिनिंग फर्मों पर छापामार कार्रवाई कर 18 लाख 80 हजार रुपये मूल्य का सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) का गेहूं और चावल जब्त किया गया।

प्रभारी कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार पानसेमल और सहायक आपूर्ति अधिकारी की संयुक्त टीम ने पानसेमल रोड स्थित मेसर्स श्रीनाथ जिनिंग व ख्याति जिनिंग में जांच की। यह कार्रवाई पीडीएस के गेहूं और चावल के अवैध संग्रहण और खरीद-फरोख्त की शिकायतों के आधार पर की गई।

जांच में 1400 बोरी गेहूं (लगभग 700 क्विंटल) बरामद हुआ, जिनमें से कई बोरियों पर एफसीआई/संस्था का स्टैंसिल अंकित था, जबकि कुछ बोरियां हाथ से सिली हुई पाई गईं। इसके अलावा 15 क्विंटल खुला चावल भी मिला, जो प्रथम दृष्टया पीडीएस का प्रतीत होता है।

इन दोनों फर्मों के संचालक मुकेश जोगीलाल जैन निवासी खेतिया हैं। जब्त अनाज का कुल बाजार मूल्य ₹18,80,000 आँका गया है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राशन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Us