श्योपुर की घटना पर सेंधवा में आक्रोश: अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, न्याय की मांग….

श्योपुर की घटना पर सेंधवा में आक्रोश: अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, न्याय की मांग….

सेंधवा (बड़वानी) || दि. 29 मई 2026 || (समीर शेख)-: श्योपुर जिले में बुजुर्ग व्यापारी देवेंद्र गोयल द्वारा न्याय नहीं मिलने से आहत होकर जनसुनवाई के दौरान आत्महत्या किए जाने की घटना के विरोध में अग्रवाल समाज सेंधवा ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। समाजजनों ने इस घटना को प्रशासनिक संवेदनहीनता एवं न्याय व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम तहसीलदार राहुल सोलंकी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में समाजजनों ने बताया कि श्योपुर निवासी बुजुर्ग व्यापारी देवेंद्र गोयल अपनी पैतृक दुकान से कथित अवैध कब्जा हटवाने के लिए पिछले 87 दिनों से प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। लगातार न्याय की गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से वे मानसिक रूप से आहत और निराश हो गए। बताया गया कि इसी पीड़ा के चलते उन्होंने जनसुनवाई के दौरान कलेक्टरेट परिसर में सल्फास खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना ने पूरे प्रदेश सहित अग्रवाल समाज को झकझोर कर रख दिया है।

अग्रवाल समाज के सुनील अग्रवाल एवं हेमंत गर्ग ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की आत्महत्या नहीं, बल्कि आम नागरिक की समस्याओं के प्रति प्रशासनिक उदासीनता का गंभीर उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यदि एक बुजुर्ग नागरिक को न्याय पाने के लिए महीनों तक भटकने के बाद ऐसा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़े, तो यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसी घटनाएं समाज में भय, असुरक्षा और निराशा का माहौल पैदा करती हैं।

समाज अध्यक्ष राजेंद्र नरेडी, वरिष्ठ सदस्य कैलाश एरन एवं गिरधारी गोयल ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई, तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं न्याय प्रदान करने की मांग की।

वहीं श्यामसुंदर तायल और संजय गोयल ने प्रदेश में जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की मांग उठाई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज अध्यक्ष राजेंद्र नरेडी, सचिव संजय गोयल, कैलाश एरन, सुनील अग्रवाल, गिरधारी गोयल, श्यामसुंदर तायल, शैलेंद्र अग्रवाल एवं नितेश अग्रवाल सहित कई समाजजन उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अग्रवाल समाज सेंधवा ने उम्मीद जताई कि शासन इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक को न्याय के लिए इस प्रकार का आत्मघाती कदम उठाने की नौबत न आए।

Call Us