बड़वानी सेंधवा बाईपास पर भैंसों के वाहनों से रोजाना अवैध वसूली, विधायक प्रतिनिधि के स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा..
बड़वानी/सेंधवा || दि.15 जुलै 2025 || {समीर शेख} -: नेशनल हाईवे क्रमांक-3 (एनएच-3) पर सेंधवा बाईपास से रोजाना गुजरने वाले भैंसों के वाहनों से अवैध वसूली की गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। इस मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब कांग्रेस विधायक मोंटू सोलंकी के प्रतिनिधि राहुल सोलंकी ने स्टिंग ऑपरेशन कर साक्ष्य इकट्ठा किए। स्टिंग वीडियो में यह साफ़ दिखाई दे रहा है कि कैसे 40 से 45 वाहनों से रोज़ 2000 से 2500 रुपए तक की वसूली की जाती है।
सूत्रों के मुताबिक यह राशि मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे पशु-वाहनों से ली जा रही है। गोपनीय जानकारी और वीडियो में एक युवक गोपाल महाले इस वसूली प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल दिखाई दे रहा है। इसी बाईपास पर अक्सर उसकी उपस्थिति दर्ज की गई है।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
हालांकि पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 12 लोगों पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है, लेकिन इससे पहले किसी बड़ी कार्रवाई की कमी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्या पुलिस का खुफिया तंत्र इतना कमजोर हो गया है कि मीडिया और आम लोगों को वसूली की जानकारी है, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं?

विधायक और जनता में नाराजगी
विधायक मोंटू सोलंकी खुद ग्रामीण थाना प्रभारी दिलीप पुरी पर आरोप लगाते नजर आए। एक वायरल वीडियो में वे स्पष्ट रूप से पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि “आप जानवरों की एंट्री लेते हो।” इससे पहले भी बीजेपी के कार्यकर्ता, प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव तक इस मुद्दे पर ज्ञापन पहुंचाए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
निष्पक्ष जांच की मांग तेज..
विधायक प्रतिनिधि द्वारा की गई यह स्टिंग कार्यवाही अब इस पूरे घटनाक्रम को एक निर्णायक मोड़ दे सकती है। जनता और स्थानीय नेताओं द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग तेज़ होती जा रही है। साथ ही, इस बात की भी मांग हो रही है कि इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएं, उन पर सख्त कार्रवाई हो।
