मारपीट की घटना का वीडियो वायरल, रिकवरी एजेंट के साथ कुछ युवकों ने की मारपीट…
बड़वानी/सेंधवा || दि. 14 जुलै2025 || {समीर शेख}-: मोटरसाइकिल फाइनेंस की किश्त की रिकवरी के लिए पिसनावल क्षेत्र पहुँचे एक रिकवरी एजेंट के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट अमन मोटरसाइकिल की ओवरड्यू किस्त की वसूली के लिए पिसनावल क्षेत्र पहुँचे थे। अमन का आरोप है कि वहाँ राहुल सोलंकी, आसाराम और सीताराम नाम के युवकों ने पहले उन्हें धमकाया, फिर उनके साथ मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
इस घटना से नाराज होकर सेंधवा शहर के रिकवरी एजेंटों ने कीला परिसर में बैठक की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद फरियादी अमन ने सेंधवा ग्रामीण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
वहीं, इस मामले में आरोपी राहुल सोलंकी का कहना है कि रिकवरी एजेंटों द्वारा एक आदिवासी युवक के घर जाकर अभद्रता की गई, जिसके विरोध में यह घटना हुई।
फिलहाल सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने फरियादी अमन की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
