विधायक श्याम बरडे की अध्यक्षता में जनपद पंचायत पानसेमल की सामान्य सभा संपन्न, विकास कार्यों और योजनाओं की हुई समीक्षा….
पानसेमल || दि. 04 जुन 2026 || {समीर शेख}-: जनपद पंचायत पानसेमल के सभागार में आज क्षेत्र के विधायक श्याम बरडे की अध्यक्षता में जनपद पंचायत की सामान्य सभा एवं विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान विधायक श्याम बरडे ने विभागीय अधिकारियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग की तैयारियों, पात्र हितग्राहियों को समय पर निःशुल्क राशन वितरण, नए शिक्षा सत्र के मद्देनजर विद्यालयों की व्यवस्थाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ मंत्र के अनुरूप केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी हितग्राही वंचित न रहे।विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी उत्कृष्ट कार्य करेंगे, उन्हें पूर्ण सहयोग और प्रोत्साहन दिया जाएगा।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं प्रतिदिन गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में प्रशासनिक अमले की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वसावे, अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद वसावे, जनपद सदस्य तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वसावे, अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद वसावे, जनपद सदस्य जगदीश भंडारी, पंडित जी माली, डॉ. अजय निकुम, देवा नावड़े, कालू सिंह बरडे, अनुप पवार, मोती सोलंकी, नेवरसिंह सिंगोरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना, विकास कार्यों की गति तेज करना तथा अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।
