गोवर्धन पूजा से गौवंश संरक्षण और दुग्ध उत्पादन को मिलेगा नया प्रोत्साहन; विधायक श्याम बरडे…

गोवर्धन पूजा से गौवंश संरक्षण और दुग्ध उत्पादन को मिलेगा नया प्रोत्साहन; विधायक श्याम बरडे….

ओसवाड़ा के चिखल्दा गौशाला में राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम संपन्न; उत्कृष्ट पशुपालकों एवं गौपालकों का किया सम्मान

पानसेमल/बडवाणी || ता. 10 नोव्हेंबर 2026 || (समीर शेख)-: सनातन संस्कृति में गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और गौमाता के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा और गोसेवा के संकल्प के साथ पानसेमल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ओसवाड़ा के चिखल्दा स्थित गौशाला में राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पानसेमल विधायक श्याम जी बरडे विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री गोवर्धन जी और गौमाता का पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के अंतर्गत पशुपालन एवं गौसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील पशुपालकों और गौपालकों को सम्मानित किया गया। विधायक बरडे ने सम्मानित पशुपालकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनका योगदान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही गौवंश संरक्षण और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सहकारिता को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से ‘श्वेत क्रांति 2.0’ की महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके माध्यम से दुग्ध सहकारी समितियों का विस्तार, दूध संग्रहण एवं विपणन व्यवस्था को बेहतर बनाना, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और विशेष रूप से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना प्रमुख लक्ष्य हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य दूध संग्रहण क्षमता को प्रतिदिन 12 लाख किलोग्राम से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम तक पहुंचाना तथा मध्यप्रदेश को देश की दुग्ध राजधानी के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए गौशालाओं को आर्थिक सहायता, उन्नत नस्ल के पशुओं को प्रोत्साहन, पशुपालकों का सम्मान और पशुधन संरक्षण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक बरडे ने कहा कि गौमाता और पशुधन केवल हमारी धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि और लाखों परिवारों की आजीविका का मजबूत आधार भी हैं। पशुपालन को व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप देकर किसान अपनी आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों और पशुपालकों से अपील की कि वे आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाएं, देशी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दें और दुग्ध उत्पादन को आय का सशक्त माध्यम बनाएं।

उन्होंने राष्ट्रीय गोकुल मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मिशन के माध्यम से देशी नस्लों के संरक्षण, संवर्धन और पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत कर पशुपालकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवंश संरक्षण और प्रकृति के प्रति सम्मान का जो संदेश दिया है, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के महत्व को समझने की प्रेरणा देती है। गौवंश का संरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक जिम्मेदारी भी है। यदि गांवों में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलता है तो किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति

इस अवसर पर किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शितोले, मंडल अध्यक्ष चन्द्रकांत महाजन, गोविन्द जोशी, सरपंच अमरसिंह बरडे, उपसरपंच संदीप माली, विक्की सिरसाठ, दिनेश जाधव, श्यामराव बोरसे सहित प्रशासनिक अधिकारी, गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गौभक्त एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विधायक श्याम बरडे ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि पानसेमल विधानसभा क्षेत्र सहित संपूर्ण मध्यप्रदेश में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि बनी रहे। साथ ही अन्नदाता किसान एवं पशुपालक निरंतर उन्नति करें और प्रदेश का ग्रामीण जीवन आर्थिक रूप से सशक्त बने।

गोसेवा, गौसंरक्षण और किसान समृद्धि के संकल्प के साथ आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण का संदेश दे गया।

Call Us