पानसेमल में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का शुभारंभ, विधायक श्याम बरडे ने किया तालाब गहरीकरण कार्य का श्रीगणेश…
बडवानी/पानसेमल || दि.19 मार्च 2026 || (समीर शेख)-: पानसेमल क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंधरा बुजुर्ग के ग्राम रामपुरा में स्थित तालाब के खुदाई एवं गहरीकरण कार्य के साथ राज्यव्यापी “जल गंगा संवर्धन अभियान” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत क्षेत्र के विधायक श्याम बरडे द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन कर की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां नर्मदा के पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात कन्या पूजन किया गया और ग्रामवासियों के साथ कलश यात्रा निकाली गई, जो आयोजन स्थल तक पहुंची। इस दौरान आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विधायक श्याम बरडे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, पारंपरिक जल संरचनाओं का पुनरोद्धार और जल संचयन को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 19 मार्च 2026 (गुड़ी पड़वा) से शुरू किया गया यह अभियान जून माह में गंगा दशमी तक चलेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में लगभग 2.79 लाख जल संरचनाओं—जैसे कुएं, बावड़ियां, तालाब और नदियों—का जीर्णोद्धार एवं पुनर्जीवन किया जाएगा। साथ ही 10,000 से अधिक चेक डैम, स्टॉप डैम एवं अन्य जल संरचनाओं का निर्माण एवं सुधार कार्य भी किया जाएगा।
विधायक बरडे ने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित है, जिसमें युवाओं को ‘जलदूत’ के रूप में जोड़ा जाएगा, ताकि गांव-गांव में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले जल संग्रहण क्षमता बढ़ाना इस पहल का मुख्य लक्ष्य है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जल संकट को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष चेनसिंह गदरे, रामचंद्र सोनीस, वरिष्ठ नेता श्रीचंद चौहान, नंदकिशोर चोपड़ा, प्रकाश जोशी, प्रेम सिंह पटेल, पंडित माली, उत्तम चौहान, राकेश दावरे (एसडीएम), जनपद सीईओ सहित कई अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जगदीश भंडारी, बबलू यादव, योगेश जैन, सरपंच शामराव वसावे, भावसार अवाशे, जनपद सदस्य कालू सिंह बरडे, अजय आर्य, पहाड़िया भोसले, सुभाष पाटिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
