एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान पहुंचे सेंधवा, पैदल रैली निकाल UCC के विरोध में सौंपा ज्ञापन….

एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान पहुंचे सेंधवा, पैदल रैली निकाल UCC के विरोध में सौंपा ज्ञापन….

सेंधवा || ता. 03 सप्टेंबर 2026 || (समीर शेख)-: एआईएमआईएम के मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान अपनी पैदल यात्रा के दौरान गुरुवार को सेंधवा पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ पैदल रैली निकालते हुए वे एसडीएम कार्यालय पहुंचे। रैली के बाद यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के विरोध में राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान मोहसिन अली खान ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड देश के नागरिकों की मजहबी आजादी को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने धर्म और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जीवन जीने की स्वतंत्रता देता है। ऐसे में यूसीसी के माध्यम से लोगों के मौलिक एवं धार्मिक अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यूनिफॉर्म सिविल कोड मध्यप्रदेश में लागू नहीं किया जाएगा। यदि इसे लागू किया जाता है तो न्यायालय के दरवाजे खुले हैं और उन्हें विश्वास है कि न्यायपालिका के माध्यम से इंसाफ मिलेगा।

मोहसिन अली खान ने कहा कि संविधान से ऊपर कोई भी राजनीतिक दल या व्यक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अपने धर्म एवं धार्मिक मान्यताओं का पालन करने की स्वतंत्रता देता है और कोई भी सरकार नागरिकों को उनकी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जीवन जीने से नहीं रोक सकती।

उन्होंने आगे कहा कि यदि इसके बावजूद यूसीसी लागू किया जाता है, तो एआईएमआईएम की ओर से लोकतांत्रिक तरीके से सत्याग्रह और आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी यूसीसी के विरोध में अपनी आवाज आगे भी उठाती रहेगी।

पैदल रैली के दौरान बड़ी संख्या में एआईएमआईएम कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। रैली के एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।

Call Us