GNM तृतीय वर्ष नर्सिंग विद्यार्थियों की मांगें मंजूर, आंदोलन को मिली बड़ी सफलता…

GNM तृतीय वर्ष नर्सिंग विद्यार्थियों की मांगें मंजूर, आंदोलन को मिली बड़ी सफलता…

विधायक मोंटू सोलंकी ने धरना स्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों का किया समर्थन; एक माह के भीतर मुख्य परीक्षा कराने का आश्वासन

सेंधवा || ता. 03 सप्टेंबर 2026 || (समीर शेख)-; GNM तृतीय वर्ष नर्सिंग विद्यार्थियों की मुख्य परीक्षा को लेकर लंबे समय से चल रहे आंदोलन को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। विद्यार्थियों की मांगों को लेकर आयोजित धरना प्रदर्शन में सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी शामिल हुए और उन्होंने विद्यार्थियों की मांगों का समर्थन करते हुए उनके भविष्य के लिए आवाज उठाई। आंदोलन के बाद विद्यार्थियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए लिखित आश्वासन दिया गया है।

दरअसल, GNM तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षा 31 अगस्त 2026 से प्रस्तावित थी, लेकिन WP 10802/2022 के तहत 139 कॉलेजों की परीक्षाएं लंबित होने के कारण परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई। इस मामले में 2 सितंबर 2026 को माननीय उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई, जिसके बाद मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एक माह के भीतर परीक्षा कराने का आश्वासन

आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों को लिखित आश्वासन दिया गया कि 8 सितंबर 2026 को परीक्षा का टाइम-टेबल एवं परीक्षा आयोजित करने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही GNM तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षाएं एक माह के भीतर आयोजित कराने का आश्वासन दिया गया है। मांगें स्वीकार होने के बाद विद्यार्थियों में खुशी का माहौल देखा गया।

प्रभारी प्राचार्य की सेवाएं समाप्त

इसी दौरान संचालक के आदेशानुसार श्याम सुंदर त्यागी, प्रभारी प्राचार्य, लेट के.एल. पांडे स्कूल ऑफ नर्सिंग, ग्राम चार्टली, जिला बड़वानी की सेवाएं भी समाप्त कर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है। आदेश में पूर्व रिकॉर्ड में पाई गई अनियमितताओं एवं दर्ज FIR का उल्लेख करते हुए 3 सितंबर 2026 से तत्काल प्रभाव से सेवाएं समाप्त करने की बात कही गई है। साथ ही उन्हें संस्था के समस्त कार्य एवं दायित्व अधिकृत व्यक्ति को दो दिवस के भीतर सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

बच्ची को साथ लेकर धरने पर बैठी छात्रा

आंदोलन के दौरान विद्यार्थियों की परेशानी और संघर्ष का मार्मिक दृश्य भी सामने आया। एक छात्रा अपनी छोटी बच्ची को साथ लेकर धरना स्थल पर बैठी रही और अपने भविष्य के लिए संघर्ष करती नजर आई। यह दृश्य विद्यार्थियों की पिछले तीन वर्षों से चली आ रही परेशानियों और परीक्षा को लेकर बनी अनिश्चितता को बयां करता रहा।

विधायक बोले—बच्चों की जीत हुई, शेष मांगें भी जल्द पूरी हों

धरना स्थल पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रही है। हमारे बच्चे शिक्षा और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनकी परीक्षा तक समय पर नहीं हो पा रही है।

उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों की जीत हुई है। कॉलेज प्रशासन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए विद्यार्थियों की मांगें मानी हैं। विद्यार्थियों के तीन वर्ष खराब हुए हैं, इसकी भरपाई कौन करेगा? उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शेष मांगों का भी जल्द निराकरण किया जाना चाहिए। यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थियों के संघर्ष में वे आगे भी उनके साथ खड़े रहेंगे।

धरना प्रदर्शन के दौरान आदिवासी एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गजानंद ब्राह्मणे, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजू पटेल, आदिवासी विकास परिषद युवा प्रभाग के जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी, विजू सोलंकी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मांगें मंजूर होने और परीक्षा जल्द आयोजित कराने का आश्वासन मिलने के बाद विद्यार्थियों ने खुशी जताई। उन्होंने विधायक मोंटू सोलंकी सहित आंदोलन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Call Us