शिरपुर गार्डन में सेंधवा के पर्यटकों पर जानलेवा हमला; दो गंभीर, पुलिस पर टालमटोल का आरोप….

शिरपुर गार्डन में सेंधवा के पर्यटकों पर जानलेवा हमला; दो गंभीर, पुलिस पर टालमटोल का आरोप….

सेंधवा/शिरपूर || ता 16 जुलाई 2026 || (समीर शेख)-: शिरपुर शहर के गार्डन परिसर में बुधवार शाम झूले के टिकट को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मध्य प्रदेश के सेंधवा से घूमने आए एक पर्यटक परिवार पर कुछ लोगों ने चाकू और लोहे की पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला, एक बुजुर्ग और एक नाबालिग के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंधवा से 13 सदस्यीय परिवार शिरपुर के गार्डन में घूमने आया था। इसी दौरान झूले के टिकट को लेकर संचालक से विवाद हो गया। आरोप है कि परिवार जब गार्डन से बाहर निकल रहा था, तभी कुछ लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

हमले में मोहम्मद अजहर शेख (24) के सिर पर लोहे की पाइप से वार किया गया, जबकि अकरम लतीफ कादर (36) पर चाकू से हमला किया गया। इसके अलावा मेहरून बी (50), लतीफ लाल मोहम्मद (60) तथा जोएब शेख (15) के साथ भी मारपीट की गई।

सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए धुले शासकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

घायल मोहम्मद अजहर शेख ने आरोप लगाया कि, “हमारे पास वैध टिकट होने के बावजूद विवाद किया गया। गार्डन से बाहर निकलते ही पहले से योजना बनाकर हम पर हमला किया गया।”

वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिरपुर पुलिस ने मुख्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों की क्रॉस शिकायत दर्ज कर कार्रवाई से बचने का प्रयास किया। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने धुले जिला पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।

इस घटना के बाद शिरपुर में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Call Us