बड़वानी आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ पर पुलिस कर्मियों का सम्मान….

बड़वानी: आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ पर पुलिस कर्मियों का सम्मान; पुलिस अधीक्षक ने मेडल लगाकर किया उत्साहवर्धन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का दिया संदेश….

बड़वानी || दि. 24 मार्च 2826 || {समीर शेख}-: देश की आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेडल लगाकर सम्मानित किया गया और उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ल ने सभी पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और शांति का वातावरण बनाए रखना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण भाव से करें तथा विभाग की गरिमा को सदैव बनाए रखें।

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस बल समाज की सेवा और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहता है और ऐसे सम्मान समारोह कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा) श्री महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल, थाना प्रभारी कोतवाली बड़वानी श्री बलजीत सिंह बिसेन सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा।

पुलिस का संदेश:
“सम्मान प्रेरणा का स्रोत है, जो कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करता है।”

Call Us