पानसेमल में भाजपा की अहम बैठक: किसानों के साथ सुनी जाएगी ‘मन की बात’, विधायक श्याम बरडे ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..

पानसेमल में भाजपा की अहम बैठक: किसानों के साथ सुनी जाएगी ‘मन की बात’, विधायक श्याम बरडे ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश..

पानसेमल (बड़वानी) || दि.29 मई 2026 || (समीर शेख) -: विधायक जनसेवा कार्यालय पानसेमल में विधायक श्याम बरडे के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विधानसभा पानसेमल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई तथा विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रमों को वृहद स्तर पर सफल बनाने पर चर्चा हुई।

बैठक में विधानसभा के सभी मंडलों के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को प्रत्येक मंडल के पांच प्रमुख स्थानों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं शेष बूथों पर दो-दो कार्यकर्ताओं की टोली बनाकर कार्यक्रम को प्रभावी बनाने की योजना तैयार की गई। संगठन के आगामी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने और उनके सफल क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरडे ने कहा कि इस बार का ‘मन की बात’ कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष को “किसान सम्मान वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, इसलिए कार्यक्रम में किसानों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र शितोले के विशेष आग्रह पर निर्णय लिया गया कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम किसानों के बीच बैठकर सुना जाएगा। साथ ही मातृशक्ति, मंडल एवं बूथ स्तर के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। विधायक श्याम बरडे ने कार्यकर्ताओं से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, जीवन और सुरक्षित भविष्य प्रदान करेंगे। पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि भविष्य के प्रति हमारा कर्तव्य है।

बैठक में जिला महामंत्री सचिन चौहान, जिला उपाध्यक्ष रामजी सोनवने, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र शितोले एवं वरिष्ठ नेता लोकेश शुक्ला ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ सफल बनाने का संदेश दिया।

इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के छह मंडलों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Call Us