बंधक बनाकर अवैध वसूली करने वालों पर FIR दर्ज, समझौते के नाम पर ढाई लाख की मांग…
सेंधवा (बड़वानी) ||दि. 29 मई 2026 || (समीर शेख)-: ग्रामीण क्षेत्रों में लड़का-लड़की के भाग जाने अथवा राज़ी-मर्ज़ी से चले जाने वाले मामलों में समझौता (तोड़ी) के नाम पर लोगों को बंधक बनाकर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बंधक बनाकर मनमाने तरीके से पैसों की मांग करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रामलाल, गोरेलाल, राकेश भरसिया सहित अन्य, निवासी ग्राम जामपाटी, थाना सेंधवा ग्रामीण, पर बंधक बनाकर अवैध रूप से पैसे वसूलने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा SDOP अजय वाघमारे द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखने और वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश लगातार दिए जा रहे थे। ग्रामीण अंचलों से लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि लड़का-लड़की के भागने अथवा साथ चले जाने के मामलों में कुछ दलाल समझौते के नाम पर लोगों को बंधक बनाकर अवैध वसूली कर रहे हैं।
इसी दौरान 28 मई 2026 को थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जामपाटी निवासी बिल्लौर सिंह बरेला की बालिग/व्यस्क पुत्री अपनी राज़ी-मर्ज़ी से ग्राम जामनिया निवासी भवानिया बरेला के पुत्र के साथ चली गई थी। इस मामले को लेकर 27 मई को जामपाटी गांव के कुछ लोगों ने जामनिया गांव के लोगों को बातचीत के लिए बुलाया।
आरोप है कि बातचीत के दौरान लड़के पक्ष से तत्काल ढाई लाख रुपये की मांग की गई। जब लड़के पक्ष ने इतनी बड़ी रकम तत्काल देने में असमर्थता जताई, तो जामपाटी के कुछ लोगों ने जामनिया निवासी चेतन एवं ओंकार को बंधक बना लिया। आरोपियों ने दोनों को रातभर रोककर रखा तथा पैसे नहीं देने पर छोड़ने से इनकार करते हुए धमकियां और गाली-गलौज की।
मामले की जानकारी मिलने पर 28 मई 2026 को डिमानिया एवं सुखलाल द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेंधवा ग्रामीण पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए चेतन एवं ओंकार सिंह को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया।
पीड़ितों की रिपोर्ट पर पुलिस ने बंधक बनाकर अवैध वसूली करने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं, जिनकी पहचान कर प्रकरण में जोड़ा जाएगा। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में समझौता/तोड़ी के नाम पर बंधक बनाकर अवैध वसूली करने वाले तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में SI रामचंद्र साँवले, HC अभिषेक, आरक्षक अमित, कुलदीप एवं राकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
