राहुल गांधी के साथ भाई दूज मनाने इंदिरा भवन पहुंचीं सेंधवा की बेटी प्रियंका सेंगर…..
सेंधवा/बडवाणी ||ता. 11 नोव्हेंबर 2026 || (समीर शेख)-: मेहनत, संघर्ष, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन के बल पर एक छोटे से गांव की बेटी जब अपनी आवाज राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाती है, तो उसकी सफलता केवल परिवार तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन जाती है। ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण बड़वानी जिले की सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पाडछा की होनहार बेटी कुमारी प्रियंका सेंगर ने प्रस्तुत किया है। भाई दूज के पावन अवसर पर प्रियंका सेंगर अपने पिता उदय सिंह सेंगर एवं अन्य साथियों के साथ नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन पहुंचीं, जहां उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और उनके साथ भाई दूज का पर्व मनाया।
इस अवसर पर राहुल गांधी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए मेहनतकश, हुनरमंद एवं श्रमिक परिवारों के साथ त्योहार मनाकर सामाजिक आत्मीयता और संवेदनशीलता का संदेश दिया। आयोजन में मजदूर, किसान, सब्जी विक्रेता, नाई, मैकेनिक, मोची और डिलीवरी बॉय सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को उनके परिवारों के साथ आमंत्रित किया गया था। राहुल गांधी ने सभी के साथ बैठकर बातचीत की, उनके जीवन के अनुभवों और समस्याओं को सुना तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
इस विशेष आयोजन में खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के ग्राम पाडछा की बेटी प्रियंका सेंगर, उनके पिता उदय सिंह सेंगर तथा ग्राम पंचायत चितराई के सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा नेता सरदार नरगावे की उपस्थिति ने क्षेत्रवासियों को गौरवान्वित किया।
‘छात्रों की गूंज’ अभियान बना बदलाव की शुरुआत..
प्रियंका सेंगर की इस उपलब्धि के पीछे 19 सितंबर 2026 को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अभियान के इंदौर प्रभारी एवं अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के नेशनल कोऑर्डिनेटर तथा खरगोन-बड़वानी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पोरलाल खर्ते ने आदिवासी विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए।
अभियान के माध्यम से इंदौर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक परेशानियों, छात्र अधिकारों, शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं, आर्थिक कठिनाइयों और भविष्य की चुनौतियों को समझने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर उनकी समस्याओं का संकलन, तथ्यों की पड़ताल और आवश्यक रिसर्च कर उनकी वास्तविक आवाज को अभियान के माध्यम से सामने लाया गया।
पोरलाल खर्ते के प्रयासों का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसा मंच उपलब्ध कराना भी था, जहां वे अपने मुद्दों को सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रख सकें। इसी कड़ी में ग्राम पाडछा की प्रियंका सेंगर ने भी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में सहभागिता की और आदिवासी विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राहुल गांधी के समक्ष पूरे आत्मविश्वास और मजबूती के साथ रखा।
राहुल गांधी ने निभाया वादा, प्रियंका की आंखों के उपचार की कराई व्यवस्था..
इस मुलाकात और कार्यक्रम के दौरान प्रियंका सेंगर ने अपनी आंखों से जुड़ी समस्या भी राहुल गांधी के संज्ञान में लाई। उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए राहुल गांधी ने उनके उपचार में सहयोग करने का भरोसा दिलाया था।
महत्वपूर्ण बात यह रही कि राहुल गांधी ने अपने द्वारा दिए गए भरोसे को निभाते हुए प्रियंका सेंगर को नई दिल्ली बुलाकर उनकी आंखों के ऑपरेशन की व्यवस्था कराई। एक सामान्य परिवार से आने वाली आदिवासी समाज की बेटी के लिए यह सहयोग बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ। इससे न केवल प्रियंका और उनके परिवार को राहत मिली, बल्कि यह संदेश भी सामने आया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों और आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तो उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इसके बाद भाई दूज के अवसर पर प्रियंका सेंगर को उनके परिवार सहित इंदिरा भवन में आमंत्रित कर राहुल गांधी द्वारा आत्मीय मुलाकात करना इस पूरे घटनाक्रम का एक भावुक और यादगार पहलू बन गया। एक ओर आंखों के उपचार का वादा पूरा हुआ, वहीं दूसरी ओर त्योहार के अवसर पर परिवार सहित मिलने का सम्मानजनक अवसर भी प्राप्त हुआ।
इस पूरे घटनाक्रम में पोरलाल खर्ते की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने, उनकी आवाज को संगठित करने और उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए। प्रियंका सेंगर की सहभागिता इसी पहल का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई है।
पोरलाल खर्ते, नेशनल कोऑर्डिनेटर, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी खरगोन-बड़वानी ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाना और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना है। प्रियंका सेंगर ने जिस आत्मविश्वास के साथ आदिवासी विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में संवेदनशील पहल और सहयोग के लिए राहुल गांधी एवं उनकी टीम, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं उनकी टीम तथा डॉ. विक्रांत भूरिया एवं उनकी टीम के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।
सेंधवा और बड़वानी के लिए गौरव का क्षण…
पोरलाल खर्ते ने कहा कि यह घटनाक्रम केवल एक बेटी के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की आवाज को सम्मान देने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने का उदाहरण है। जब समाज के वंचित और आदिवासी वर्ग के विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन तथा मंच मिलता है, तो वे भी अपनी बात पूरी मजबूती से देश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा सकते हैं।
ग्राम पाडछा जैसे छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बात रखने वाली प्रियंका सेंगर की यह यात्रा निश्चित रूप से क्षेत्र की अन्य बेटियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। ‘छात्रों की गूंज’ से शुरू हुआ यह सफर, आंखों के उपचार के लिए किए गए वादे के पूरा होने और भाई दूज पर इंदिरा भवन में आत्मीय मुलाकात तक पहुंचना सेंधवा विधानसभा, बड़वानी जिले और संपूर्ण खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के लिए गर्व एवं खुशी का विषय है।
