भोपाल में आदिवासी कांग्रेस की बड़ी संगठनात्मक बैठक संपन्न, आदिवासी अधिकारों पर बनी रणनीति….

भोपाल में आदिवासी कांग्रेस की बड़ी संगठनात्मक बैठक संपन्न, आदिवासी अधिकारों पर बनी रणनीति….

भोपाल || दि. 31 मई 2026 || (समीर शेख)-: मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस की संगठनात्मक एवं आदिवासी सलाहकार परिषद की महत्वपूर्ण बैठक भोपाल स्थित इंदिरा भवन में प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट रामू टेकाम के नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकार, जल-जंगल-जमीन, शिक्षा, रोजगार, वनाधिकार और पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आदिवासी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षा, बैकलॉग पदों पर भर्ती, लंबित वनाधिकार दावों के निराकरण, पेसा कानून के क्रियान्वयन एवं आदिवासी भूमि वापस दिलाने सहित पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित करवाए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 30 जून 2026 को सिंगरौली में अवैध जंगल कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

बैठक के दौरान जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति, जनजातीय समाज से जुड़े मुद्दों एवं संगठन विस्तार के सुझाव रखे। साथ ही आदिवासी सलाहकार परिषद की बैठक में संगठन की दीर्घकालीन रणनीति, सामाजिक-सांस्कृतिक संरक्षण और आदिवासी समाज के अधिकारों को लेकर मंथन किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री बाला बच्चन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बड़वानी जिले से राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पोरलाल खरते, प्रदेश महासचिव प्रकाश बंडोड़, जिलाध्यक्ष मोंटा खेड़कर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Call Us