जलगांव में लाभार्थियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र, सांसद स्मिता वाघ और विधायक राजू मामा भोले रहे मौजूद
जलगांव।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ के तहत देश भर के लाभार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 2,400 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन अनुदान वितरित किया। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित इस मुख्य राष्ट्रीय समारोह का देश भर के 200 स्थानों पर सीधा प्रसारण किया गया। इसी कड़ी में, जलगांव के ‘गांधी तीर्थ’ स्थित कस्तूरबा सभागार में नासिक विभागीय भविष्य निधि आयुक्त-1 अतुल कोतकर के मार्गदर्शन में एक विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जलगांव की सांसद स्मिता वाघ, विधायक राजू मामा भोले, जैन इरिगेशन के अध्यक्ष अशोक जैन, भविष्य निधि आयुक्त-2 मनोज कोली, सहायक भविष्य निधि आयुक्त मोहित दीक्षित, जलगांव पीएफ कार्यालय के दीपक चौधरी सहित जिले के विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, नियोक्ता और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। दिल्ली से केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पहली नौकरी पाने वाले युवाओं की आकांक्षाओं को मिला बल: पीएम मोदी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश भर के 200 से अधिक केंद्रों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत रोजगार योजना के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा की”यह योजना न केवल रोजगार के अवसर पैदा कर रही है, बल्कि पहली बार नौकरी में प्रवेश करने वाले युवाओं की आकांक्षाओं को संबल दे रही है। यह उद्योग जगत और कार्यबल (वर्कफोर्स) के बीच एक मजबूत कड़ी है। यह योजना कर्मचारी और नियोक्ता दोनों को समान रूप से प्रोत्साहित करती है, और सरकार का प्रयास रोजगार सृजन को एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप देना है।”
देश में 70 लाख नए रोजगार हुए सृजित
प्रधानमंत्री ने योजना की सफलता के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि अब तक देश में लगभग 70 लाख नए रोजगार सृजित हुए हैं, जिससे पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है। इनमें से करीब 20 लाख युवाओं ने अपनी नौकरी के पहले 6 महीने पूरे कर लिए हैं और लगभग 10 लाख लाभार्थियों को प्रोत्साहन अनुदान वितरित किया जा चुका है। अब तक 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जा चुकी है। पीएम ने इसे केवल वित्तीय सहायता न मानकर, देश के युवाओं के परिश्रम का सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य पर जताया गया भरोसा बताया।
उन्होंने आगे कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पिछले 12 वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इकोनॉमी, इनोवेशन, स्पेस टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में रोजगार को तेजी से बढ़ावा मिला है। ‘मेक इन इंडिया’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मिशन मैन्युफैक्चरिंग’ जैसे कदमों से रोजगार और स्व-रोजगार के अवसर व्यापक स्तर पर बढ़े हैं।
जलगांव में लाभार्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
जलगांव में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी कर्मचारी पूजा धनगर और नियोक्ता प्रमोद पाटिल ने अपने अनुभव साझा किए। जैन इरिगेशन के अध्यक्ष अशोक जैन ने उद्योग जगत की ओर से अपने विचार रखे।
सांसद स्मिता वाघ ने इस योजना के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी दृष्टिकोण की सराहना की, वहीं विधायक राजू मामा भोले ने भी युवाओं को संबोधित किया। भविष्य निधि आयुक्त-2 मनोज कोली ने भविष्य निधि योजना की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर योजना के तहत विभिन्न संस्थानों में चयनित हुए नए कर्मचारियों को अतिथियों के हाथों नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन जैन इरिगेशन के ज्ञानेश्वर शेंडे और नितिन चोपड़ा ने किया।
