मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निवाली आगमन की तैयारियों को लेकर विधायक श्याम बरडे ने ली समीक्षा बैठक..

बड़वानी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर निवाली मे तैयारियों को लेकर विधायक श्याम बरडे ने ली समीक्षा बैठक….

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव दिवस एवं प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री, विधायक ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

पानसेमल/बडवानी || ता.13 नवंबर2026 || (समीर शेख)-: पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बरडे ने आगामी 15 नवंबर को निवाली नगर में आयोजित होने वाले भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव दिवस एवं प्रतिमा अनावरण समारोह की तैयारियों को लेकर आज जनपद पंचायत निवाली के सभागृह में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित निवाली आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, आवागमन, पेयजल, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। विधायक श्री बरडे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित, भव्य एवं गरिमामय तरीके से सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में अपनी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यह हम सभी विधानसभा क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत सौभाग्य और गौरव का विषय है कि माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी लगातार दूसरे वर्ष हमारे क्षेत्र में पधार रहे हैं। इस बार वे भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा के अनावरण एवं जनजातीय गौरव दिवस के महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होकर क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।


विधायक जी ने कहा कि मुख्यमंत्री का पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के प्रति विशेष स्नेह एवं लगाव रहा है। जब-जब मुख्यमंत्री हमारे क्षेत्र में पधारते हैं, तब-तब क्षेत्र को विकास की नई सौगातें प्राप्त होती हैं। आज प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकासोन्मुखी योजनाओं के माध्यम से गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला एवं जनजातीय समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान कल्याण योजनाओं, आयुष्मान भारत एवं जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान एवं जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन हमारे समाज की संस्कृति, परंपरा एवं गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का अवसर है।

विधायक बरडे ने समस्त पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 15 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में निवाली पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता करें तथा माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करें।
बैठक में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि चतर सिंह पटेल, वरिष्ठ नेता कन्हैया सिसोदिया, मंडल अध्यक्ष श्याम जी पंडित, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र सिसोदिया, जनपद उपाध्यक्ष पठान जी, कीराडें, संतोष जानी, संतोष गुप्ता, कन्हैया धनगर, अशोक वाणी सहित पंचगण, सरपंचगण, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Call Us