ऑपरेशन हवालात: हत्या के प्रयास के तीन आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से मिली बड़ी सफलता….
बड़वानी || ता. 15 जुलाई 2026 || {समीर शेख}-: बड़वानी पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत आम नागरिकों द्वारा लगाए गए CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को फरियादी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जुलाई 2026 की रात वह अपने दो भाइयों और एक दोस्त के साथ घर लौट रहा था। सेगांव फाटा स्थित पेट्रोल पंप के सामने तीन युवक गाली-गलौज कर रहे थे। जब उसके भाई प्रदीप ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो तीनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और लोहे की रॉड से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल प्रदीप की हालत गंभीर होने से वह अभी भी वेंटिलेटर पर उपचाररत है।
फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धारा 296(बी), 109(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना रात के समय होने और आरोपी अज्ञात होने के कारण पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि सड़क पर मस्ती और गाली-गलौज के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा मोटरसाइकिल जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों को 15 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें सेंट्रल जेल बड़वानी भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ बा पिता संतोष परिहार, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बड़वानी, वीरू उर्फ भूरा उर्फ भूरू पिता सूरज कुंडे, निवासी न्यू सोरठ मोहल्ला, बड़वानी, कुंदन वर्मा पिता रमेश वर्मा (26 वर्ष), निवासी रानीपुरा, बड़वानी, पूरे कार्रवाई में थाना प्रभारी बलजीत सिंह, उप निरीक्षक रवि ठाकुर, कमल मोरे, सहायक उप निरीक्षक दीपक ठाकुर, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह तथा आरक्षक आत्माराम, मुकेश खत्री, हितेंद्र और पुरुषोत्तम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की युवाओं से अपील बड़वानी पुलिस ने युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि उत्सव, मस्ती और मजाक के दौरान संयम बनाए रखें तथा किसी भी आम नागरिक को परेशान न करें। पुलिस ने कहा कि एक छोटी सी गलती जीवनभर की परेशानी और कानूनी संकट का कारण बन सकती है।
