तिरंगा हमारी शान, तिरंगा हमारा अभिमान : खेतिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा विधायक श्याम बरडे के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा खेतिया नगर…
खेतिया/पानसेमल || ता. 11 अगस्त 2026 || (समीर शेख)-: राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के नगर परिषद खेतिया में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे सहित बड़ी संख्या में नागरिकों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे नगर में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से राष्ट्रभक्ति का माहौल बन गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान नागरिकों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने समर्पण का प्रदर्शन किया। यात्रा में युवाओं की विशेष भागीदारी रही। तिरंगे से सजा खेतिया नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर विधायक श्याम बरडे ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। तिरंगा हमें देश के लिए एकजुट होकर कार्य करने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण व्यक्त करने का आह्वान किया।
भव्य तिरंगा यात्रा ने खेतिया नगर में राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दिया। इस दौरान पूरा वातावरण ‘एक तिरंगा, एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से गूंज उठा।
