सेंधवा के श्री नारायणदास जी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ….
अब क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए बड़े शहरों के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, स्थानीय स्तर पर मिलेगी आधुनिक जांच की सुविधा
सेंधवा/बड़वानी || ता. 06 नोव्हेंबर 2026 || (समीर शेख)-: सेंधवा एवं आसपास के ग्रामीण और आदिवासी अंचल के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहर के श्री नारायणदास जी हॉस्पिटल में माँ अंबिका डायग्नोस्टिक सेंटर के माध्यम से अत्याधुनिक सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ शुक्रवार को गरिमामय समारोह में किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य बालिपुर गुरुजी श्री योगेश जी बालिपुर सरकार (माँ अंबिका बालिपुर आश्रम) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बसंती बाई यादव एवं भारतीय जनता पार्टी जिला बड़वानी के जिला महामंत्री विकास आर्य शामिल हुए।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर श्री नारायणदास जी हॉस्पिटल के अध्यक्ष अजय मित्तल, समाजसेवी संजय यादव एवं ट्रस्ट के अन्य सदस्यों ने गुरुजी तथा अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर हॉस्पिटल ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि श्री नारायणदास जी हॉस्पिटल क्षेत्र एवं आसपास के निवासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पूर्व में अस्पताल द्वारा आईसीयू सुविधायुक्त एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी और अब अत्याधुनिक सीटी स्कैन सुविधा प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का प्रयास है कि आने वाले समय में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता न पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
भाजपा जिला महामंत्री विकास आर्य ने सीटी स्कैन सुविधा शुरू करने के लिए हॉस्पिटल प्रबंधन एवं माँ अंबिका डायग्नोस्टिक सेंटर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेंधवा सहित आसपास के आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सुविधा काफी लाभदायक साबित होगी। अब मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और धन की बचत होगी तथा बीमारी का समय पर पता चलने से आवश्यक उपचार भी जल्द उपलब्ध हो सकेगा।
इस दौरान माँ अंबिका डायग्नोस्टिक सेंटर के लोकेश पाटीदार एवं श्री नारायणदास जी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जीशान मंसूरी ने उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों को सीटी स्कैन मशीन तथा उससे मिलने वाली जांच सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में हॉस्पिटल अध्यक्ष अजय मित्तल, समाजसेवी संजय यादव, ट्रस्ट सदस्य श्यामसुंदर तायल, गोवर्धन तायल, राजेंद्र कुमार शर्मा, राजेश जोशी, गिरवर दयाल शर्मा, दीपक गोयल सहित शहर के चिकित्सक, गणमान्य नागरिक, अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्यामसुंदर तायल एवं राजेश रघुवंशी ने किया। आधुनिक सीटी स्कैन सुविधा की शुरुआत को सेंधवा एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
