स्वामित्व योजना से ग्रामीण परिवारों को मिला संपत्ति का कानूनी अधिकार…..

स्वामित्व योजना से ग्रामीण परिवारों को मिला संपत्ति का कानूनी अधिकार…..

विधायक श्याम जी बरडे ने पुरुषखेड़ा और पिपलोद में हितग्राहियों को निःशुल्क वितरित किए अधिकार पत्र

पानसेमल/बडवाणी || ता. 06 नोव्हेंबर 2026 || (समीर शेख)-: वर्षों से अपनी जमीन और मकान पर निवास कर रहे ग्रामीण परिवारों को अब उनकी संपत्ति की कानूनी पहचान मिलने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में संचालित स्वामित्व योजना के तहत पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के स्वामित्व संबंधी कानूनी दस्तावेज (अधिकार पत्र) निःशुल्क वितरित किए गए।

इस अवसर पर पानसेमल विधायक श्याम जी बरडे ने जनपद पंचायत निवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरुषखेड़ा तथा जनपद पंचायत पानसेमल अंतर्गत ग्राम पंचायत बंधारा के ग्राम पिपलोद में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर पात्र हितग्राहियों को अधिकार पत्र प्रदान किए।

संपत्ति के कानूनी अधिकार से मजबूत होगी ग्रामीणों की आर्थिक सुरक्षा…

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्याम जी बरडे ने कहा कि स्वामित्व योजना केवल दस्तावेज वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों को उनके वर्षों पुराने निवास और संपत्ति पर कानूनी अधिकार दिलाने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीणों को आत्मसम्मान, आर्थिक सुरक्षा और भविष्य की स्थिरता मिलेगी। संपत्ति की स्पष्ट कानूनी पहचान होने से भविष्य में विवादों की संभावनाएं कम होंगी तथा जरूरत पड़ने पर संपत्ति का उपयोग आर्थिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकेगा।

सरकार की योजनाओं से गांवों में विकास को मिल रही गति…

विधायक बरडे ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, वहीं मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पुल-पुलिया, डामरीकरण सड़कें, पंचायत भवन, आधुनिक स्कूल भवन, सिंचाई परियोजनाएं, बांध एवं तालाबों के निर्माण सहित अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी एवं उच्च शिक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। ये सभी कार्य केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

पानसेमल विधानसभा का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता..

विधायक बरडे ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास की मुख्यधारा से कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र को विकसित, समृद्ध, हराभरा और उन्नत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की जनता की सेवाu और सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना सुशासन, पारदर्शिता और गरीब कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को उसका अधिकार मिले और हर नागरिक सम्मान के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सके।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, योजना के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

हर परिवार को अधिकार, हर घर को सम्मान — विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम।

Call Us