ऑपरेशन मुस्कान: सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने जंगल से 4 वर्षीय मासूम को सकुशल खोज निकाला….
कुछ ही घंटों में गुमशुदा बालक कार्तिक को बरामद कर माता-पिता के सुपुर्द किया, पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की परिजनों ने की सराहना
बड़वानी/सेंधवा || ता. 15 नवम्बर 2026 || (समीर शेख)-: पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और संवेदनशील कार्यशैली से एक परिवार की खुशियां लौट आईं। सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए 4 वर्ष 11 माह के मासूम बालक को कुछ ही घंटों में जंगल से सकुशल तलाश कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे थाना सेंधवा ग्रामीण में ग्राम मेरखेड़ी निवासी संतोष पिता रुस्तम सोलंकी ने पहुंचकर अपने 4 वर्ष 11 माह के बेटे कार्तिक के लापता होने की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि बालक सुबह करीब 9 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन बालक का कोई पता नहीं चल पाया। मासूम के अचानक लापता होने से परिवार के लोग काफी चिंतित और परेशान थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। एसडीओपी श्री अजय वाघमारे एवं थाना प्रभारी श्री ओ.पी. सिंह चोंगड़े के कुशल निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से विस्तृत जानकारी जुटाई और बालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया।
पुलिस टीम ने आसपास के रास्तों, बस्तियों एवं जंगल क्षेत्र में लगातार तलाश जारी रखी। पुलिसकर्मियों ने पूरी गंभीरता और मुस्तैदी के साथ संभावित स्थानों पर खोजबीन की। इसी दौरान घर से करीब 3 किलोमीटर दूर अंदर जंगल में संतोष हम्माल के घर के पास गुमशुदा बालक कार्तिक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे सकुशल अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके माता-पिता को सौंप दिया।
मासूम बालक को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चे के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने सेंधवा ग्रामीण पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मेहनत और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका..
इस पूरी कार्रवाई में सेंधवा ग्रामीण पुलिस की टीम ने सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में निम्न पुलिसकर्मियों का विशेष सहयोग रहा..उप निरीक्षक संजीव पाटिल, आरक्षक क्रमांक 71 हिरमल अलावा, आरक्षक क्रमांक 664 सचिन बुंदेला, आरक्षक क्रमांक 676 कुलदीप भट्ट ऑपरेशन मुस्कान के तहत सेंधवा ग्रामीण पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई पुलिस की जनसेवा, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का सराहनीय उदाहरण है। एक मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाकर पुलिस टीम ने न केवल अपनी जिम्मेदारी निभाई, बल्कि एक चिंतित परिवार के चेहरों पर दोबारा मुस्कान भी लौटा दी।
