भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर विधायक मोंटू सोलंकी ने किया माल्यार्पण, चाचरिया पाटी में ग्राम पटेल एवं वरिष्ठजनों के साथ मनाया जन्मोत्सव……
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का ऐतिहासिक संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : विधायक मोंटू सोलंकी
सेंधवा || ता. 15 नवम्बर 2026 || (समीर शेख) धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती के अवसर पर सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चाचरिया पाटी में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने ग्राम में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर ग्राम पटेल, वरिष्ठजनों एवं समाजजनों के साथ माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, त्याग, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने प्रदेश एवं देशवासियों को भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और सांस्कृतिक अस्मिता के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत, अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐसी क्रांति का सूत्रपात किया, जिसने देश के इतिहास में अमिट स्थान बनाया।
विधायक सोलंकी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और अस्तित्व की रक्षा के लिए भी था। उनके विचार आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आपसी एकता बनाए रखने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी के उलगुलान की विचारधारा आज भी आदिवासी समाज के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों में नई चेतना और जागरूकता का संचार कर रही है। समाज अपने हक और अधिकारों की आवाज संवैधानिक दायरे में रहकर मजबूती के साथ उठा रहा है। यही धरती आबा के संघर्ष, विचारों और आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
चाचरिया से शुरू हुई महापुरुषों के सम्मान की परंपरा अब पूरे क्षेत्र में फैल रही
कार्यक्रम के दौरान विधायक मोंटू सोलंकी ने बताया कि आज से चार वर्ष पूर्व ग्राम चाचरिया में भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि चाचरिया से शुरू हुई अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान और सामाजिक जागरूकता की भावना आज विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों तक पहुंच रही है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा स्थापना के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह आदिवासी समाज में बढ़ती जागरूकता, एकजुटता, स्वाभिमान और अपने गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी शिक्षा, एकता, जागरूकता और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान में निहित होती है। भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन हमें सिखाता है कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए सामाजिक एकता और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
अरुण गुप्ता एवं जान मोहम्मद ने भी रखे विचार
इस अवसर पर अरुण गुप्ता एवं जान मोहम्मद ने भी भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने धरती आबा के जीवन संघर्ष, ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन तथा आदिवासी समाज के अधिकारों और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक एकता, भाईचारे और जागरूकता को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में शिक्षा, एकता, सामाजिक सद्भाव और जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठजन अरुण गुप्ता, निर्मल मालवीय, पंकज मालवीय, जान मोहम्मद, विधायक प्रतिनिधि किशन अलावे, अजय आर्य, सुनील चौहान, गोमतीलाल सोलंकी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
