कार से नायलॉन रस्सी, मिर्च पाउडर, चॉपर, कटर और हथौड़ी बरामद; एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
धुलिया। kakar wahid
जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए गए ऑपरेशन ऑलआउट में मोहाड़ीनगर पुलिस ने लूट की तैयारी कर रहे गिरोह का पर्दाफाश किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के अंधेरे में बिना लाइट जलाए आ रही संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर कार में सवार तीन लोगों को दबोच लिया। तलाशी में कार से नायलॉन रस्सी, मिर्च पाउडर, लोहे की रॉड, बड़े-छोटे कटर, हथौड़ी, चॉपर समेत वारदात में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद सिंगुरी और अपर पुलिस अधीक्षक अजय देवरे के निर्देश पर 19 नवंबर की रात 11 बजे से 20 नवंबर की सुबह 5 बजे तक जिलेभर में ऑपरेशन ऑलआउट चलाया गया। इसी दौरान मोहाड़ीनगर थाने की प्रभारी निरीक्षक शिल्पा पाटील, उपनिरीक्षक अशोक पायमोडे और पुलिस टीम राष्ट्रीय राजमार्ग पर गश्त कर रही थी।
20 नवंबर की रात करीब 2.45 बजे सुभाषचंद्र पेट्रोल पंप के पास रानमला रोड पर सामने से एक कार बिना लाइट जलाए आती दिखाई दी। पुलिस ने बैटरी की रोशनी से चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने बीच सड़क पर कार रोकी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने कार की घेराबंदी कर तलाशी ली। इसमें हमीद अब्दुल रशीद अंसारी (33), शकील शेख करीम शेख (45) और समीर शाह जाकीर शाह (20), तीनों निवासी धुले, को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने फरार साथी का नाम गनी (निवासी अंदरवाली मस्जिद के पास, देवपुर) बताया। कार मालिक जुबेर अंसारी (निवासी ताशा गली, गली नंबर 5, धुलिया) का नाम भी सामने आया। पुलिस ने कार से नायलॉन रस्सी, मिर्च पाउडर, लोहे की रॉड, बड़े लोहे के कटर, छोटा रेडियम कटर, स्क्रूड्राइवर, हथौड़ी, प्लास, फोर-वे स्पैनर, धारदार चॉपर, चार मोबाइल, फास्टैग कार्ड और 8,300 रुपए नकद जब्त किए।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिल्पा पाटील के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हमीद अंसारी हिस्ट्रीशीटर है। तीनों के खिलाफ जिले के विभिन्न पुलिस थानों में छह गंभीर अपराध दर्ज हैं। पांचों आरोपियों के खिलाफ मोहाड़ीनगर थाने में अपराध क्रमांक 383/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) के तहत डकैती की तैयारी का मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उपनिरीक्षक शरद बागल और हेड कांस्टेबल संदीप कदम आगे की जांच कर रहे हैं।
ऑपरेशन ऑलआउट में जिलेभर में कार्रवाई
- मोटर वाहन अधिनियम के तहत 59 मामले दर्ज, 30,900 रुपए जुर्माना।
- अवैध शराब के 18 मामलों में 60,640 रुपए की हाथभट्टी शराब, रसायन और सामग्री नष्ट।
- जुआ अधिनियम के तहत 6 मामले, 7,690 रुपए का माल जब्त।
- महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 122 के तहत 3 कार्रवाई और धारा 124 के तहत 2 मामले, 2 आरोपी।
- 47 हिस्ट्रीशीटर व रिकॉर्डधारी अपराधियों की जांच।
- 52 वांछित व तड़ीपार आरोपियों की जांच।
- 43 खुले मैदान, 87 बार, ढाबे, होटल, लॉज और गेस्ट हाउस तथा 9 नदी किनारे के स्थानों की जांच।
- अभियान में 31 पुलिस अधिकारी और 82 कर्मचारी शामिल रहे।
