खेतिया पीडीएस चावल-गेहूं का अवैध स्टॉक पकड़ा गया! आज केस दर्ज, आरोपी फरार…

खेतिया में पीडीएस राशन का अवैध भंडारण, व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज !22 लाख से अधिक कीमत का गेहूं व चावल जब्त, आरोपी फरार..

बड़वानी || दि. 06 अगस्त 2025 || {समीर शेख} -:
कलेक्टर जिला बड़वानी के निर्देशन में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने खेतिया क्षेत्र में पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) के तहत वितरित किए जाने वाले अनाज का अवैध भंडारण पकड़ा है। यह कार्रवाई 3 व 4 अगस्त को संयुक्त रूप से खाद्य एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई।

खेतिया स्थित जय इंटरप्राइजेस (स्थान: श्रीनाथ एवं ख्याति जिनिंग) के परिसर में प्रो. मुकेश पिता जोगीलाल जैन के पास पीडीएस गेहूं एवं चावल का अवैध क्रय, विक्रय एवं संग्रहण पाया गया। मौके पर 1197 क्विंटल गेहूं और 1751 क्विंटल चावल बरामद किए गए, जिसकी कुल बाजार कीमत लगभग 22 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है।

यह कार्यवाही मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए की गई। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत 5 अगस्त को एफआईआर दर्ज कराई गई है।

कार्रवाई में शामिल संयुक्त टीम में तहसीलदार पानसेमल सुश्री प्रज्ञा पाटीदार, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री दयाराम चौहान, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री भूरमल बामने एवं श्री भोला मंडलोई शामिल थे।

खेतिया थाना प्रभारी सुरेंद्र कनेश ने बताया कि संबंधित व्यापारी मुकेश जैन के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है और वर्तमान में आरोपी फरार है। मामले की गहन विवेचना जारी है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Call Us