गरीब की जेब से चुराए पैसे, सेंधवा शहर पुलिस ने लौटाई मुस्कान; मानवीय पहल ने जीता दिल, दिवाली से पहले दिया खुशियों का तोहफ़ा…
सेंधवा/बडवानी || दि.20 अक्टूबर 2025 || (समीर शेख)-: दिवाली जैसे खुशियों के पर्व पर जहां लोग अपनों के साथ हर्षोल्लास से जश्न मनाने की तैयारी में जुटे हैं, वहीं सेंधवा शहर पुलिस की एक संवेदनशील पहल ने मानवता की मिसाल पेश की है।ग्राम पिसनावल निवासी एक गरीब मजदूर ने दिनांक 19 अक्टूबर 2025 को थाना सेंधवा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सदर बाजार में खरीदारी के दौरान उसकी पत्नी के पास रखे ₹50,000/- अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए।
फरियादी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के चांदवड़ में मजदूरी करने गया था, जहाँ उसे ₹52,000/- मजदूरी के रूप में प्राप्त हुए थे। परिवार के साथ दिवाली मनाने के उद्देश्य से वह सेंधवा लौटा और बाजार में खरीदारी करने पहुंचा, लेकिन भीड़-भाड़ के बीच यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घट गई।सूचना मिलते ही सेंधवा शहर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया और दो संदिग्ध महिलाओं की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।रिपोर्ट दर्ज कराते समय मजदूर और उसकी पत्नी की हालत देखकर SDOP सेंधवा श्री अजय वाघमारे एवं शहर थाना प्रभारी बिसेन ने मानवीयता का परिचय दिया।
दोनों अधिकारियों ने फरियादी को सांत्वना देते हुए उसे मिठाई, पटाखे और ₹20,000/- की सहयोग राशि प्रदान की, ताकि वह अपने परिवार के साथ दिवाली का पर्व मुस्कुराहट के साथ मना सके। इस नेक पहल ने पुलिस की संवेदनशीलता और जनता से जुड़ाव का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। पुलिस प्रशासन की इस मानवीय पहल की चर्चा पूरे शहर में हो रही है।स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि “जहाँ पुलिस को अक्सर सख्ती से जोड़ा जाता है, वहीं सेंधवा पुलिस ने यह दिखा दिया कि वर्दी के अंदर भी एक संवेदनशील दिल धड़कता है।”
