सेंधवा विधानसभा को बड़ी सौगात विधायक मोंटू सोलंकी के प्रयासों से 5 महत्वपूर्ण सड़कों को बजट में मिली स्वीकृति…

सेंधवा विधानसभा को बड़ी सौगात विधायक मोंटू सोलंकी के प्रयासों से 5 महत्वपूर्ण सड़कों को बजट में मिली स्वीकृति…

सेंधवा/बड़वानी || दि.18 फरवरी 2026 || (समीर शेख)-: सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्र की लंबे समय से लंबित एवं जनहित से जुड़ी 5 प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य को प्रदेश सरकार ने बजट में शामिल कर स्वीकृति प्रदान की है। इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

विधायक मोंटू सोलंकी द्वारा इन सड़कों की मांग लगातार विधानसभा के भीतर और बाहर उठाई जाती रही है। उन्होंने प्रश्न, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और पत्राचार के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित किया। उनके सतत प्रयासों का परिणाम है कि इन महत्वपूर्ण मार्गों को अब शासन से मंजूरी मिल गई है।

विशेष उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2023 के विधानसभा सत्र में ग्राम कुंडिया से मेदलियापानी तक 4 किलोमीटर सड़क निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को अब स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।

बजट में स्वीकृत सड़कों का विवरण: ग्राम कुंडिया से मेदलियापानी मार्ग (4 किमी)
अनुमानित लागत – ₹6 लाख
वरला–बाखरली मार्ग (5.80 किमी)
अनुमानित लागत – ₹4.06 करोड़
हिंगवा–वरला मार्ग (4.97 किमी)
अनुमानित लागत – ₹3.73 करोड़
पाड़छा पहुंच मार्ग (5 किमी)
अनुमानित लागत – ₹3.75 करोड़
हिंगवा पहुंच मार्ग (3 किमी)
अनुमानित लागत – ₹1.80 करोड़ इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को स्कूल–कॉलेज आने-जाने में राहत मिलेगी तथा आमजन को स्वास्थ्य, बैंकिंग और प्रशासनिक सेवाओं तक सुगमता से पहुंच मिल सकेगी। विशेषकर बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी स्थायी समाधान मिलेगा।

विधायक मोंटू सोलंकी ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेंधवा विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगे भी क्षेत्र की प्रत्येक आवश्यक मांग को शासन स्तर पर मजबूती से रखा जाएगा और विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी।

यह स्वीकृति सेंधवा विधानसभा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है, जो क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

Call Us