बाबा साहब की अस्थि कलश यात्रा का सेंधवा में भव्य स्वागत, हजारों लोगों ने किए श्रद्धा सुमन अर्पित…

बाबा साहब की अस्थि कलश यात्रा का सेंधवा में भव्य स्वागत, हजारों लोगों ने किए श्रद्धा सुमन अर्पित…

सेंधवा || दि. 05 एप्रिल 2026 || (समीर शेख)-: नगर में भारत रत्न भीमराव रामजी अंबेडकर की अस्थि कलश यात्रा का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में अंबेडकरवादी एवं आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।

यात्रा के सेंधवा पहुंचने पर बाबासाहेब अंबेडकर चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस दौरान उपस्थित बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बुद्ध वंदना की गई, जिसके बाद यात्रा आगे के लिए रवाना हुई।


अस्थि कलश यात्रा के बड़वानी जिला प्रभारी बालकृष्ण बाविस्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि बाबा साहब की अस्थियां महाराष्ट्र के धूलिया से उनकी जन्मस्थली महू की ओर दर्शन हेतु ले जाई जा रही हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहब के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विचारों से अवगत कराया जा सके। इसी उद्देश्य से मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र की सीमा पर आदिवासी समाज द्वारा अस्थियों के दर्शन कर भव्य स्वागत किया गया |

इसके उपरांत यात्रा में शामिल काफिले को भंवरगढ़ स्थित क्रांतिकारी वीर खाज्या नायक के स्मारक स्थल पर भी ले जाया गया, जहां उनके वीरतापूर्ण कार्यों की जानकारी समाजजनों को दी गई।

इसी क्रम में सेंधवा नगर के यात्रा प्रभारी अनिल सोनवने ने बताया कि नगर में अस्थि कलश यात्रा का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया। लोगों ने श्रद्धा स्वरूप पुष्प अर्पित कर बाबा साहब को नमन किया। इस दौरान धूलिया संदेश भूमि से पधारे आनंद सैंदाने एवं बड़वानी जिले के यात्रा कलश प्रभारी बालकृष्ण बाविस्कर द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

कार्यक्रम में सर्व समाज के सैकड़ों युवा, महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चे उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से प्रकाश गायकवाड, महेश दरबार, सुनील सोनवने, जितेंद्र आमकरे, पार्षद कालू सावले, विजय चितावले, कुंदन सोलंकी, सावन आमकरे, कैलाश आमकरे, मोहन धामोने, कालूराम निर्गुडे, लारा भालसे, रोहित एवं ईश्वर सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल रहे।

Call Us