बिजली डीपी से करंट लगने पर बकरी की मौत, लोगों में आक्रोश; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप…

बिजली डीपी से करंट लगने पर बकरी की मौत, लोगों में आक्रोश; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप…

सेंधवा (बड़वानी) || दि. 30 मई 2026 || (समीर शेख)-: शहर के टैगोर बड़ी स्थित रिहायशी कॉलोनी में बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। यहां मुख्य मार्ग पर लगी बिजली की डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट) से करंट लगने के कारण एक पालतू बकरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने बिजली विभाग व नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी में लगी बिजली की डीपी लंबे समय से खतरे का कारण बनी हुई है। आए दिन बिजली उपकरणों में फॉल्ट होने से चिंगारियां निकलती रहती हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत कर डीपी को किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।स्थानीय पार्षद इकबाल शाह ने बताया कि क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर बिजली विभाग को कई बार अवगत कराया गया था।

बावजूद इसके अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते डीपी को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाता तो इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी।घटना के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा बढ़ गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया।वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने तथा समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रिहायशी क्षेत्र एवं मुख्य मार्ग पर लगी इस खतरनाक डीपी को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।

Call Us