बड़वानी || ता. 21 जुलाई 2026 || (समीर शेख)-: बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता और आत्मरक्षा के प्रति उन्हें संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा शुरू किया गया अभिनव अभियान अब प्रदेश स्तर पर पहचान बना रहा है। पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल की पहल पर तैयार की गई बाल सुरक्षा आधारित कॉमिक्स ‘अटकन चटकन सशक्त बचपन’ एवं ‘अटकन चटकन 2.0 सशक्त बचपन’ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेंट की गई। यह कॉमिक्स भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री अजय यादव के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाई गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी पुलिस के इस रचनात्मक और जनहितैषी प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल सहित पूरी बड़वानी पुलिस टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
पुलिस डायरी की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित इन कॉमिक्स में बच्चों को सरल भाषा और आकर्षक चित्रों के माध्यम से ‘गुड टच-बैड टच’, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा किसी भी आपात या विपरीत परिस्थिति में पुलिस एवं प्रशासन से सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई है। कॉमिक्स का दूसरा संस्करण ‘अटकन चटकन 2.0’ अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करता है।
बदलते डिजिटल दौर को ध्यान में रखते हुए बड़वानी पुलिस ने इन कहानियों पर आधारित एक विशेष एनिमेशन फिल्म भी तैयार करवाई है। इस फिल्म के माध्यम से बच्चों तक सुरक्षा संबंधी संदेश दृश्य एवं श्रव्य रूप में अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाए जा रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों को जागरूक करने में यह डिजिटल पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
यह अभियान संवेदनशील और जन-केंद्रित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। जहां सामान्यतः पुलिस की छवि कानून व्यवस्था तक सीमित मानी जाती है, वहीं बड़वानी पुलिस ने मनोरंजन और शिक्षाप्रद सामग्री के माध्यम से बच्चों को जागरूक कर पुलिस के मानवीय एवं सकारात्मक पक्ष को सामने रखा है।
जिला अध्यक्ष श्री अजय यादव ने मुख्यमंत्री को कॉमिक्स भेंट करते हुए अभियान के उद्देश्यों एवं क्षेत्र में इसके सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस प्रिंट एवं डिजिटल पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बताया।
