ऑपरेशन मुस्कान: एक साल से लापता नाबालिग बालिका को बड़वानी पुलिस ने गुजरात से किया दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार….
बड़वानी ||ता. 12 अगस्त 2026 || {समीर शेख}-: पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व एवं निर्देशन में जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत थाना कोतवाली बड़वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने करीब एक वर्ष से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को गुजरात के राजकोट से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। मामले में पुलिस ने आरोपी रोहित पिता रामेश्वर वर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी पलसूद को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी ने थाना बड़वानी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जुलाई 2025 को उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को कोई अज्ञात व्यक्ति अपहरण कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना बड़वानी में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नाबालिग बालिका की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य माध्यमों से लगातार प्रयास करते हुए बालिका की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम को जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर गुजरात राज्य के राजकोट में कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। साथ ही उसे अपहरण कर ले जाने के आरोप में रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेशानुसार केंद्रीय जेल बड़वानी दाखिल किया गया। वहीं, बालिका को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, एसआई रवि ठाकुर, एसआई शीला सोलंकी, हेड कांस्टेबल चन्द्रशेखर, कांस्टेबल हितेंद्र, कांस्टेबल जालम, लेडी कांस्टेबल कंकु तथा साइबर सेल से एसआई रितेश खत्री, हेड कांस्टेबल योगेश पाटिल एवं मोनिका का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से करीब एक वर्ष से अपनी बेटी की तलाश कर रहे परिजनों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत जिले में गुम एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
