सेंधवा बायपास से वरला रोड तक एवं चुना भट्टी से सेगवी-गवाड़ी तक पक्की सड़क निर्माण की मांग….
सेंधवा || ता. 13 अगस्त 2026 || (समीर शेख)-: सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छोटा जुलवानिया एवं आसपास के ग्रामीणों ने क्षेत्र में पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सेंधवा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सेंधवा बायपास से छोटा जुलवानिया, पटेल फल्या, चारल फल्या, चुना भट्टी, डावर फल्या, नरगांवे फल्या होते हुए खानदेशी फल्या से वरला रोड तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही चुना भट्टी से सेगवी-गवाड़ी तक लगभग 6 किलोमीटर सड़क का भी पक्कीकरण किया जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के अभाव में क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से आवागमन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है, किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में कठिनाई होती है तथा किसी व्यक्ति के बीमार होने की स्थिति में उसे अस्पताल तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। कई बार खराब रास्तों के कारण एंबुलेंस को भी गांवों तक पहुंचने में परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से अनेक फलियों एवं गांवों के लोगों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी लाभ होगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि दोनों मार्गों का शीघ्र सर्वे करवाकर पक्की सड़क निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराया जाए और निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।

ज्ञापन के दौरान पोरलाल खर्ते (नेशनल कार्डिनेटर, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस), किशोर बर्डे (सरपंच, अंजनगांव), प्रकाश नरगावे, कैलाश डावर, पप्पू पटेल, रविन्द्र पटेल, तुकाराम चौहान, बबलु चौहान, मुनेश चौहान, शिव नरगावे, आदा जाधव, संजु आर्य, शांतिलाल चौहान, देवीसिंह जाधव, मुकेश डावर, कैलाश चौहान एवं रामेश्वर चौहान सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
