ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: 24 घंटे में इंदौर से अपहृत नाबालिग बालिका दस्तयाब..
बड़वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, गुस्से में बस से इंदौर पहुंची थी बालिका
बड़वानी || ता. 3 सप्टेंबर 2026 || (समीर शेख)-: पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में जिले में गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बड़वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अपहृत नाबालिग बालिका को महज 24 घंटे के भीतर इंदौर के वर्ल्ड कप चौराहा क्षेत्र से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बड़वानी निवासी फरियादी ने 2 सितंबर 2026 को थाना बड़वानी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल जाने के लिए कारंजा, बड़वानी स्थित मामी की दुकान के पास छोड़ा गया था। इसके बाद बालिका स्कूल से शाम करीब 5:30 बजे तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्र एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद बालिका का कोई पता नहीं चला।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बड़वानी में धारा 137(2), भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने नाबालिग बालिका की शीघ्र दस्तयाबी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी बड़वानी निरीक्षक बलजीतसिंह बिसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं लगातार किए गए प्रयासों के माध्यम से बालिका की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद 3 सितंबर 2026 को इंदौर के वर्ल्ड कप चौराहा क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में नाबालिग बालिका ने बताया कि मां द्वारा डांटने से नाराज होकर वह गुस्से में बड़वानी से बस में बैठकर इंदौर चली गई थी। पुलिस ने बालिका को विधिवत उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बालिका के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने बड़वानी पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीतसिंह बिसेन, उपनिरीक्षक गजेन्द्र ठाकुर, उपनिरीक्षक शीला सोलंकी, महिला आरक्षक अनिता मंडलोई, महिला आरक्षक कंकु चौहान, आरक्षक लक्ष्मण जामोद तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक योगेश पाटिल का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
बड़वानी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन मुस्कान” के माध्यम से गुम एवं लापता बालक-बालिकाओं की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
