आईटीआई के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए विधायक श्याम जी बरडे, प्रशिक्षणार्थियों को किया प्रोत्साहित…
युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, युवाओं के कौशल, परिश्रम और संकल्प से साकार होगा वर्ष 2047 का लक्ष्य – विधायक श्याम जी बरडे
पानसेमल || ता. 22 नवम्बर 2026 || (समीर शेख)-: पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), पानसेमल (खेतिया), जिला बड़वानी में आयोजित दीक्षांत समारोह में क्षेत्रीय विधायक श्री श्याम जी बरडे शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संस्था के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्याम जी बरडे ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनकी प्रतिभा, मेहनत, तकनीकी ज्ञान एवं कौशल के बल पर ही भारत विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी शिक्षा, व्यावहारिक ज्ञान और हुनर भी सफलता की महत्वपूर्ण पहचान बन चुके हैं। आईटीआई जैसे तकनीकी संस्थान युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार हासिल करने के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू कर दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम बन सकते हैं।

विधायक श्री बरडे ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के साथ ही उनके जीवन में एक नई जिम्मेदारी और नए अवसरों का दौर शुरू हो रहा है। सभी युवा अपने हुनर को लगातार निखारें तथा पूरी ईमानदारी, लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कौशल के माध्यम से परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें।
विधायक ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने तक ही अपना लक्ष्य सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने हुनर और तकनीकी ज्ञान के माध्यम से नए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। जब युवा आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र भी आर्थिक रूप से मजबूत होगा। आत्मनिर्भर युवा ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।
समारोह के अंत में विधायक श्री श्याम जी बरडे ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों को पुनः बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईटीआई से प्राप्त तकनीकी ज्ञान और कौशल के माध्यम से युवा अपने जीवन में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे तथा मध्यप्रदेश को प्रगतिशील और भारत को विकसित, समृद्ध एवं सशक्त राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देंगे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री रामचंद्र जी सोनिस, नगर परिषद अध्यक्ष श्री दशरथ जी निकुम, श्री सूर्यकांत जी एसिकर, श्री श्याम जी हरसोला, श्री विनोद जी जैन, श्री साहेबराव जी चौधरी, श्रीचंद जी चौहान, श्री नंदकिशोर जी चोपड़ा, मंडल महामंत्री श्री पंडित जी माली, श्री संजय जी भोसले, श्री कमलेश जी राजपूत, श्री गोविंद जी चौधरी, श्री नवल जी वास्कले, श्री ओंकार जी खेड़कर, श्री गणेश जी जाधव एवं श्री सोनू जी भंडारी सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
